डिंडोरी (सत्य प्रहार न्यूज़): जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पड़रिया में सोमवार को एक निजी स्वामित्व की भूमि पर संचालित छुई मिट्टी की अवैध खदान में उत्खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ असुरक्षित तरीके से सुरंगनुमा अवैध उत्खनन करते समय अचानक मिट्टी की भारी खदान धंस गई। इस भू-धंसाव की चपेट में आने से मलबे में दबकर 45 वर्षीय एक महिला की असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि खदान के भीतर फंसे अन्य ५ ग्रामीणों को स्थानीय नागरिकों और डायल 112 की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और पीड़ित परिवार के लिए तत्काल आर्थिक राहत की घोषणा की गई।
क्या, कब और कहां हुआ हादसा? यह हृदयविदारक घटना सोमवार को शहपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पड़रिया में घटित हुई। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़रिया स्थित एक निजी स्वामित्व की भूमि (प्राइवेट लैंड) पर छुई मिट्टी की अवैध खदान में बिना किसी आवश्यक सुरक्षा मानकों के खुदाई की जा रही थी। मृतक महिला की पहचान पड़रिया निवासी ममता बाई (उम्र 45 वर्ष, पति केशव) के रूप में हुई है, जो अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर वहां मिट्टी निकालने के कार्य में संलग्न थीं।
कैसे और क्यों हुआ यह दर्दनाक हादसा? सूत्रों ने बताया कि खदान से छुई मिट्टी निकालने के लिए नीचे से सुरंगनुमा अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जिसमें बिना किसी तकनीकी सुरक्षा के जमीन के भीतर तक खुदाई कर दी जाती है। सूत्रों ने बताया यह पूरी गतिविधि एक निजी भूमि पर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से संचालित हो रही थी, सोमवार को खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का एक हिस्सा भरभराकर सीधे नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों पर गिर गया।
खदान धंसने की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने 'डायल 112' को सूचित किया। ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर मलबे को हटा दबे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला। मलबे से निकालने के बाद गंभीर रूप से घायल ममता बाई को अस्पताल ले जाया जा रहा था, परंतु उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, मलबे से सुरक्षित निकाले गए अन्य 5 ग्रामीणों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई |
प्रशासकीय एक्शन: पीड़ित परिवार को मिलेगी कुल 4.50 लाख की सहायता राशि इस पूरे घटनाक्रम पर शहपुरा एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे का शिकार हुई मृतिका के आश्रित परिवार को कुल 4 लाख 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि मिलेगी। इसमें से तात्कालिक और अनिवार्य आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु रेड क्रॉस फंड की ओर से 50 हजार रुपए की त्वरित आर्थिक मदद तुरंत प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त, संबल योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि की आधिकारिक प्रक्रिया भी त्वरित रूप से प्रारंभ कर दी गई है, जो जल्द ही पीड़ित परिवार को मिल जाएगी।
दोषियों पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई हादसे के कानूनी पहलुओं और अवैध उत्खनन की जांच को लेकर शहपुरा थाना प्रभारी (TI) अनुराग जामदार ने स्पष्ट किया है कि चूंकि हादसा एक निजी भूमि पर संचालित छुई मिट्टी की खदान में हुआ है, इसलिए पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों, भूमि स्वामी की संलिप्तता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की विस्तृत व बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि जांच रिपोर्ट सामने आते ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डिंडोरी से सत्य प्रहार न्यूज़ के लिए अभिलाष शुक्ला की विशेष रिपोर्ट।
0 टिप्पणियाँ