जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बमबम नाले में गिरी सब्जी कारोबारियों की पिकअप, एक की मौत

 


डिंडोरी। शहपुरा थाना क्षेत्र के जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 12 फीट गहरे नाले में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद दोनों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विक्रमपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम आनाखेड़ा के निवासी लामू सिंह पाटिल (52 वर्ष) और उनका बेटा रुद्र प्रताप पाटिल (30 वर्ष) सब्जी व्यवसाय से जुड़े थे। शनिवार को विक्रमपुर में साप्ताहिक बाजार लगना था, जिसके लिए वे दोनों शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे पिकअप क्रमांक एमपी 20 जीबी 4852 में सवार होकर जबलपुर सब्जी खरीदने के लिए निकले थे। शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे जब उनकी गाड़ी शहपुरा थाना क्षेत्र के बमबम नाला के पास पहुंची, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे 12 फीट नीचे नाले में जा गिरा।

हादसे में 30 वर्षीय रुद्र प्रताप पाटिल की मौके पर ही सांसें थम गईं, वहीं पिता लामू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है। मामले की जानकारी देते हुए विवेचक एएसआई नंदकिशोर झारिया ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services