मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे प्रदेश में अपना नाम रोशन किया है। महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चलाए गए राष्ट्रीय स्तर के एचपीवी टीकाकरण (HPV Vaccination) कार्यक्रम में डिंडौरी जिले ने कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के कुशल नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस शानदार सफलता और बेहतरीन लीडरशिप के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा डिंडौरी जिले को राज्य स्तर पर पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है।
इस गौरवशाली उपलब्धि के लिए आज यानी 28 जून 2026 को भोपाल के आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में दोपहर 2 बजे एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में डिंडौरी जिले को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस राज्य स्तरीय पुरस्कार को ग्रहण करने और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले की उस टीम को भोपाल आमंत्रित किया गया है जिसने जमीन पर इस अभियान को सफल बनाया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के मार्गदर्शन में जिला स्तर पर अग्रिम भूमिका निभाने वाले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर के डोगरे और विकासखंड डिंडोरी (शहरी वार्ड क्रमांक-05) की एएनएम सुश्री नीम कली विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होकर जिले की तरफ से यह सम्मान प्राप्त करेंगे। कलेक्टर के बेहतरीन समन्वय और स्वास्थ्य विभाग की कड़ी मेहनत के चलते ही आज डिंडौरी जिला प्रदेश के नक्शे पर एक मिसाल बनकर उभरा है।

0 टिप्पणियाँ