डिंडोरी। जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए आज समनापुर थाना परिसर में एक विशाल जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बजाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों विभिन्न विभागों के कर्मचारियों सहित करीब 100 से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान एसपी श्री आशीष खरे ने खुद आम जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके सुझावों को नोट किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बाजार व्यवस्था में सुधार, गौराकन्हारी क्षेत्र में नई पुलिस चौकी की स्थापना, अवैध शराब पर कड़ा एक्शन, बाहरी संदिग्ध लोगों की निगरानी और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। साथ ही, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया, जिस पर एसपी ने पुलिस से जुड़े मामलों में तत्काल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और अन्य विभागों की समस्याओं के लिए समन्वय बनाकर जल्द निराकरण का भरोसा दिया।
इस खास जनसंवाद में न केवल आपसी विवादों को शांति से सुलझाने, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर चर्चा हुई, बल्कि लोगों को डिजिटल दुनिया के खतरों से आगाह भी किया गया। साइबर सेल डिण्डौरी के आरक्षक जगदीश प्रसाद ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी की बारीकियों और साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से समझाया। वहीं, एसबीआई समनापुर के शाखा प्रबंधक ने भी सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के बेहद जरूरी टिप्स साझा किए। कार्यक्रम के अंत में श्री आशीष खरे ने समाज में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए जनता से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की भावुक अपील की। उन्होंने साफ किया कि पुलिस और जनता के बीच के इस भरोसे को और मजबूत करने के लिए आने वाले दिनों में जिले के सभी दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में ऐसे जनसंवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी नागरिक को अपनी बात रखने के लिए भटकना न पड़े।
0 टिप्पणियाँ