टैक्स चोरी करने वाले बस संचालकों पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, 20 करोड़ की वसूली के लिए सड़कों पर उतरी संयुक्त टीम

 


डिण्डौरी। जिले में सरकारी राजस्व को चूना लगाकर सड़कों पर बेखौफ दौड़ने वाले बस संचालकों के विरुद्ध बुधवार को प्रशासन ने एक बड़ी दंडात्मक कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के सख्त निर्देशों के उपरांत हरकत में आई प्रशासनिक और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बस स्टैंडों और मुख्य चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बस मालिकों के बीच हड़कंप मचा दिया। इस कार्यवाही के दौरान टीम ने दो यात्री बसों को मौके पर ही जब्त कर परिवहन कार्यालय भेज दिया, जबकि आठ अन्य बसों से बकाया टैक्स के रूप में 1 लाख 60 हजार 473 रुपए की राशि मौके पर ही वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराई गई है।

प्रशासनिक स्तर पर हुई इस बड़ी कार्यवाही के संबंध में जानकारी साझा करते हुए अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 94 ऐसी बसें चिन्हित की गई हैं, जिन पर पिछले कई वर्षों से कुल मिलाकर लगभग 20 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया है। प्रशासन द्वारा इन बस संचालकों को बकाया राशि जमा करने के लिए पूर्व में कई बार औपचारिक नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संचालकों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी उपेक्षा को देखते हुए कलेक्टर के आदेश पर एक विशेष कार्यबल का गठन किया गया, जिसने बुधवार को मुख्य बस स्टैंड, मंडला बस स्टैंड और समनापुर तिराहे पर अचानक दबिश देकर वाहनों के दस्तावेजों की जांच शुरू की। इस दौरान बस क्रमांक MP 52 P 0112 और CG 10 G 0129 के पास टैक्स अदायगी से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से जब्त करने की कार्यवाही की गई।

प्रशासन की इस अचानक और कड़ी कार्यवाही से जिले के बस ऑपरेटरों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। अधिकारियों ने दोटूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बकाया टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली होने तक इस प्रकार की छापामार कार्यवाही आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी। शासन की इस विशेष मुहिम में आरटीओ दीपक भलावी, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, तहसीलदार आर.पी. मार्को सहित पुलिस और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ मैदान में डटे रहे। प्रशासन की इस सक्रियता ने यह साफ संकेत दे दिया है कि नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों और टैक्स दबाकर बैठने वालों पर अब कानूनी शिकंजा और भी कसने वाला है।

सत्य प्रहार न्यूज़ के लिए डिण्डौरी से मैं अभिलाष शुक्ला।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services