डिंडौरी (सत्य प्रहार): मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। शहपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 03 में अज्ञात बदमाशों ने आतंक का ऐसा नंगा नाच खेला कि सुनने वालों की रूह कांप गई। अपराधियों ने न केवल एक महिला की जान ले ली, बल्कि उसकी 14 साल की मासूम बेटी के साथ भी दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
यह खौफनाक मंजर तब सामने आया जब पड़ोसियों को घर में कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जब लोग घर के भीतर दाखिल हुए, तो वहां का दृश्य विचलित कर देने वाला था। कमरे में महिला का शव अर्धनग्न और खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। कमरे की स्थिति और शव को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि अपनी जान और आबरू बचाने के लिए महिला ने मौत के सौदागरों से कड़ा संघर्ष किया होगा।
लेकिन उन हैवानों का दिल इतने पर भी नहीं पसीजा। उन्होंने घर में मौजूद 14 साल की मासूम बच्ची को भी अपनी हवस का शिकार बनाया। दरिंदगी के बाद मासूम की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे आनन-फानन में शहपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ वह इस वक्त जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
जैसे ही इस दोहरे अपराध की खबर फैली, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश पैदा हो गया। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और पूरे घर को सील कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस हर संदिग्ध पहलू की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है, ताकि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट, सत्य प्रहार न्यूज़।
डिस्क्लेमर: यह समाचार प्राप्त प्राथमिक सूचनाओं और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। सत्य प्रहार न्यूज़ इस घटना की घोर निंदा करता है। इस रिपोर्ट का उद्देश्य केवल जनहित में सूचना प्रदान करना है। घटना की पूर्ण सत्यता और कानूनी कार्रवाई पुलिस जांच के अधीन है।

0 टिप्पणियाँ