डिंडौरी जिला अस्पताल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: डॉ. अजय राज कार्यमुक्त, डॉ. रमेश सिंह मरावी बने नए सिविल सर्जन

 डिंडौरी जिला चिकित्सालय की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बड़ा फैसला लिया है। जिला अस्पताल के शीर्ष प्रबंधन में बदलाव करते हुए अब कमान डॉ. रमेश सिंह मरावी को सौंपी गई है।

डॉ. अजय राज के आवेदन पर लिया गया निर्णय

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. अजय राज ने बीते 27 दिसंबर 2025 को सिविल सर्जन के दायित्वों से मुक्त होने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। उनके इसी आवेदन पर विचार करते हुए, कलेक्टर ने उन्हें सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के प्रभार से तत्काल प्रभाव से पृथक कर दिया है।


शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. मरावी संभालेंगे नई जिम्मेदारी

अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सकीय सेवाओं में कोई बाधा न आए, इसे देखते हुए शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश सिंह मरावी को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा जारी इस आदेश का मुख्य उद्देश्य जिला चिकित्सालय के प्रशासनिक कार्यों में गति लाना और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुचारु बनाना है। स्थानीय स्तर पर इस बदलाव को जिला चिकित्सालय की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

औचक निरीक्षण के बाद गिरी गाज??

सूत्रों के अनुसार, यह बड़ी कार्यवाही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा कुछ दिन पूर्व जिला अस्पताल के किए गए औचक निरीक्षण का परिणाम है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को भारी अनियमितताएं, साफ-सफाई की कमी और ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मचारियों जैसी गंभीर खामियां मिली थीं। कलेक्टर ने मौके पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद आज यह प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार की कवायद

जारी आदेश के अनुसार, डॉ. अजय राज द्वारा प्रस्तुत आवेदन के अनुक्रम में उन्हें प्रभार से मुक्त किया गया है, लेकिन इसके पीछे असली वजह निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाएं बताई जा रही हैं। प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के लिए डॉ. रमेश सिंह मरावी को नया सिविल सर्जन नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services