डिण्डौरी में नशा मुक्ति के लिए पुलिस ने संभाला मोर्चा, एक दिन में 14,663 नागरिकों को किया जागरूक

 


जिला पुलिस डिण्डौरी द्वारा रविवार को जिलेभर में नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत आज जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और एक स्वस्थ, नशामुक्त समाज का निर्माण करना था।

इस विशेष मुहिम के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने हाट-बाजार, बस स्टैंड, छात्रावासों और ग्राम पंचायतों में जाकर आम जनता, वाहन चालकों, यात्रियों, विद्यार्थियों तथा युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए बसों एवं ऑटो रिक्शाओं में नशा मुक्ति से जुड़े पोस्टर और पम्पलेट चस्पा किए गए, साथ ही जागरूकता रथ, कचरा संग्रहण वाहनों, एलईडी स्क्रीन और जगन्नाथ रथयात्रा के माध्यम से नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश प्रसारित किया गया।

इस व्यापक अभियान के तहत आज जिले में कुल 27 अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों का सफल संचालन किया गया। पुलिस की इस मुहिम से जिले के लगभग 14,663 नागरिक सीधे तौर पर लाभान्वित हुए और उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में जिला पुलिस डिण्डौरी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नागरिक स्वयं नशे की लत से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को इस सामाजिक बुराई से बचाने में पुलिस का सक्रिय सहयोग करें।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services