डिंडौरी, 05 अगस्त 2026। भारतीय किसान संघ, जिला डिंडौरी द्वारा बुधवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु 19 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर संघ ने किसानों एवं आमजन के हित में किए गए प्रशासनिक सुधार, जनकल्याणकारी कार्यों और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कलेक्टर को प्रशस्ति-पत्र भी भेंट किया।
प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया कि कलेक्टर के कार्यकाल में प्रशासनिक सुधार और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। इसके साथ ही संघ ने किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए 19 बिंदुओं वाला ज्ञापन सौंपकर विभिन्न विभागों से जुड़ी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रमुख मांगों में विकासखंड कार्यालयों में बीज वितरण की रेट सूची एवं योजना संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने, धान उपार्जन की सीमा 22 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 क्विंटल करने तथा मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग शामिल रही। संघ ने समय पर मृदा परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने, किसानों की शिकायतों पर अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। उद्यानिकी विभाग से केंचुआ खाद के स्थायी डंपों की संख्या बढ़ाने एवं पावर टिलर वितरण के लक्ष्य में वृद्धि, जबकि पशुपालन विभाग से पशुओं के बीमा एवं दुधारू पशुओं को चिन्हित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में सहकारिता विभाग द्वारा नवीन लैम्पसों के लिए अलग-अलग कार्यालय खोलने, शासकीय भूमि, नाला, नदी, तालाब, झिरिया स्रोत एवं गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, बिलगड़ा बांध में हूटर लगाने, बांध तक पक्की सड़क बनाने तथा समनापुर उप तहसील भवन को शीघ्र संचालित कराने की मांग भी शामिल रही। भारतीय किसान संघ ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध बिजली कटौती पर रोक लगाने, शहपुरा में 132 केवी सब स्टेशन का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा पशु चिकित्सा विभाग की संजीवनी 1962 सेवा को तत्काल सुचारu रूप से शुरू करने की मांग दोहराई, क्योंकि डीजल उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर किसानों को सेवा नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा गल्ला मंडी की सभी दुकानों में रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा जिले के कृषि उपज मंडी कार्यालय के लिए नवीन भवन निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, जिला उपाध्यक्ष जगदीश साहू, भानसिंह मरकाम, जिला कोषाध्यक्ष विवेकानंद साहू, जिला जैविक प्रमुख तरूण परस्ते, जिला विपणन प्रमुख खिलपत गौतम, सदस्य खूबचंद साहू, डिंडौरी तहसील अध्यक्ष खमोद चंदेल, रमेश्वर गौतम, बजाग तहसील अध्यक्ष आशाराम यादव, प्रेम सिंह धुर्वे, मटरू दादा, धनसिंह दादा सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ