SDM राम बाबू देवांगन द्वारा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण,टीवी कार्यकर्ता के घर और सुपरवाइजर द्वारा 3 माह से कोई भी भ्रमण या पर्यवेक्षण नहीं




 डिंडौरी: कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के दिशा-निर्देशानुसार आज शनिवार को एसडीएम (SDM) राम बाबू देवांगन द्वारा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र लडवानी मुकदम टोला एवं भालू चूहा का औचक निरीक्षण किया गया। इस प्रशासनिक जांच के दौरान दोनों ही केंद्रों में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। शासन के नियमों के विपरीत दोनों ही आंगनवाड़ी केंद्रों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्मित नहीं पाया गया, जो जल संरक्षण के प्रति विभागीय उदासीनता को दर्शाता है। इसके साथ ही एक बड़ी शासकीय अनियमितता यह भी उजागर हुई कि बच्चों के ज्ञानवर्धन के लिए शासन द्वारा प्रदाय की गई टीवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के निजी आवासों में रखी पाई गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री देवांगन ने पाया कि केंद्रों में पेयजल की शुद्धता के लिए वॉटर प्यूरीफायर तो स्थापित किया गया है, लेकिन वह चालू स्थिति में नहीं मिला। वहीं, भालू चूहा आंगनवाड़ी केंद्र में साफ-सफाई का स्तर अत्यंत निराशाजनक रहा, जहाँ चारों तरफ गंदगी का माहौल था और बच्चों के बैठने के लिए आई मैट भी पैक्ड अवस्था में धूल खाती मिली। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत सफाई कराने और मैट को व्यवस्थित रूप से बिछाकर उपयोग में लाने के कड़े निर्देश दिए।

जांच में यह गंभीर तथ्य भी प्रकाश में आया कि अप्रैल माह के बाद से संबंधित आंगनवाड़ी सुपरवाइजर द्वारा क्षेत्र का कोई भी भ्रमण या पर्यवेक्षण नहीं किया गया है। एसडीएम राम बाबू देवांगन ने सुपरवाइजर की इस घोर लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है तथा संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services