जबलपुर जिले में “दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान 2026-27” का भव्य शुभारंभ


लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार “दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान 2026-27” का जिला स्तरीय शुभारंभ आज शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनमोहन नगर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जबलपुर डॉ. नवीन कोठारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुल शुक्ला, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डॉ. उपेंद्र कुशवाहा, श्री निहाल दीवान जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने जिले में अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया तथा कहा कि दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान का उद्देश्य पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को डायरिया, कुपोषण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से सुरक्षित रखना है। उन्होंने समाज, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बाल मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

इस अवसर पर पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार ओआरएस के 2 पैकेट एवं 14 जिंक टैबलेट, आयरन-फोलिक एसिड (IFA) सिरप, विटामिन-ए सिरप, ग्लूकोज पाउडर एवं अन्य आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही बच्चों की पोषण स्थिति का आकलन कर आवश्यक उपचार एवं रेफरल सेवाएँ भी प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में अभियान की प्रमुख सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि—


 प्रत्येक पाँच वर्ष तक के बच्चे के लिए आवश्यकतानुसार ओआरएस एवं जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) सिरप प्रदान कर एनीमिया की रोकथाम हेतु परामर्श दिया जाएगा।

 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयु के अनुसार विटामिन-ए अनुपूरण कराया जाएगा।

 DSS Tool के माध्यम से दस्त, निर्जलीकरण, बाल्यकालीन बीमारियों एवं गंभीर कुपोषण (SAM) की पहचान कर आवश्यकतानुसार उपचार एवं त्वरित रेफरल किया जाएगा।

उच्च जोखिम वाले बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।


अभियान के अंतर्गत 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक कुल 33 कार्य दिवसों (VHND सहित) में एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम द्वारा घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। टीम दस्तक अभियान के दौरान बीमारियों की पहचान, उपचार, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा समय पर रेफरल सुनिश्चित करेगी।


इस अवसर पर अभिभावकों एवं आमजन को डायरिया की रोकथाम, कुपोषण से बचाव, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग, हाथों की साबुन से नियमित सफाई, खुले में शौच न करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, विटामिन-ए एवं आयरन की कमी से बचाव, ओआरएस एवं जिंक के सही उपयोग तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।


कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने संकल्प लिया कि अभियान की प्रत्येक सेवा को घर-घर तक पहुँचाकर जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे को लाभान्वित किया जाएगा तथा “स्वस्थ बच्चा – स्वस्थ परिवार – स्वस्थ समाज” के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान दिया जाएगा।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services