डिंडोरी जिले के विक्रमपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत हरई गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेले रह रहे एक बुजुर्ग किराना व्यवसायी को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया और फिर साक्ष्य छुपाने या विरोध के चलते व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरई निवासी ऊधोराम साहू के रूप में हुई है, जो घर में अकेले रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा पीड़ित परिजन मौके पर जमा हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विक्रमपुर चौकी पुलिस प्रभारी अतुल हरदहा तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने चोरी के दौरान ही इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही यह साफ हो जाएगा कि चोरी में कितना सामान गया है तथा हत्या की वास्तविक वजह क्या रही। फिलहाल पुलिस टीम सक्रियता से अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
0 टिप्पणियाँ