डिण्डोरी में तेजस कार्यशाला आयोजित: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और ओमकार सिंह मरकाम ने युवाओं से किया आत्मनिर्भर बनने का आह्वान

 



डिण्डोरी। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, डिण्डोरी द्वारा डीपीआईआईटी एवं एमपी स्टार्टअप सेंटर के सहयोग से बुधवार, 8 जुलाई 2026 को नेचर्स कोर्टयार्ड रिसॉर्ट एंड रेस्टोरेंट में जिला स्तरीय तेजस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और उद्यमियों को स्टार्टअप, उद्यमिता, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनाना था।

इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे और डिण्डोरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ही अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, लघु उद्योग भारती संघ के अध्यक्ष श्री रवि राज बिलैया व्यापारी संघ अध्यक्ष श्री संजय जैन, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री रविशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिले के स्वरोजगारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए महाप्रबंधक श्रीमती राधिका कसारो ने कार्यशाला की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर खड़े करने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं, युवाओं को इनका लाभ उठाकर अपने खुद के उद्योग स्थापित करने चाहिए। सत्र के दौरान एमपी स्टार्टअप सेंटर के विशेषज्ञों ने स्टार्टअप इंडिया, उद्यम पंजीयन, नवाचार, इन्क्यूबेशन और स्टार्टअप इको-सिस्टम की तकनीकी जानकारी दी। वहीं एमएसएमई-डीआई जबलपुर के प्रतिनिधि ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना, स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन और उनके बाजार व विपणन के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यशाला में युवाओं को व्यवसाय स्थापना, वित्तीय सहायता, डिजिटल मार्केटिंग और सफल उद्यम संचालन के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों ने युवाओं की शंकाओं और सवालों का समाधान करते हुए उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services