26 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग साढ़े आठ बजे डिण्डौरी जिले के थाना समनापुर अंतर्गत ग्राम पिपरिया में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे कमल सिंह मरावी की आपसी विवाद के चलते आरोपी सुकल सिंह मरावी ने तालाब के पास पत्थर से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी थी और वारदात को अंजाम देकर आरोपी घने जंगल में जाकर छिप गया था।
इस संबंध में थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई, जिसमें पता चला कि करीब पंद्रह दिन पहले शराब पीने की बात को लेकर आरोपी सुकल से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते कल जब मृतक दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहा था, तब आरोपी ने पीछे से आकर उसके सिर और कान के पास पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
आज इस मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में बजाग एसडीओपी श्री विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घने जंगल में लगभग 4 से 5 घंटे तक लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर आरोपी को घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ