शिक्षा विभाग प्रदेश स्तर पर अव्वल - कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षा विभाग की टीम को बधाई

डिंडौरी जिले के शिक्षा विभाग ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। डिंडौरी जिले ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें यू-डाइस स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन, अपार आईडी निर्माण और कक्षा-1 में नामांकन के क्षेत्र में जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा यू-डाइस स्टूडेंट्स प्रोग्रेशन की ऑनलाइन फीडिंग का कार्य जिले में शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जिसके आधार पर डिंडौरी ने यह गौरव हासिल किया है।

 इसके साथ ही शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के कार्य में भी डिंडौरी जिला प्रदेश में पहले स्थान पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। जिले के मेहंदवानी विकासखंड ने प्रदेश में प्रथम तथा शहपुरा विकासखंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले के मान को और अधिक बढ़ाया है। कक्षा-1 में नामांकन अभियान के तहत गत वर्ष के 11,794 विद्यार्थियों की तुलना में इस वर्ष 12,615 विद्यार्थियों का प्रवेश दर्ज किया गया है, जिससे 107 प्रतिशत उपलब्धि के साथ डिंडौरी इस श्रेणी में भी अव्वल रहा है।


 जिले की इस ऐतिहासिक सफलता पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षा विभाग की पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला प्रोग्रामर द्वारा प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई समीक्षा तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के कार्यों की जमकर सराहना की है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इसी प्रकार निरंतर और समर्पित प्रयास करते रहें ताकि भविष्य में भी जिले की यह उत्कृष्ट और गौरवशाली स्थिति लगातार बनी रहे।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services