करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत 16 जुलाई को मुरूम डालने की बात पर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पड़ोसियों ने एक पिता और उनके दो बेटों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट की घटना में एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि उसके पिता के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में करंजिया पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित भुवन सिंह अपने मकान के सामने राइस मिल शुरू करने के उद्देश्य से मुरूम डलवा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी बसंत नंदा, राजू नंदा और संतोष नंदा ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया था।
उपचार के बाद गांव लौटे पीड़ित परिवार ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी आशीष खरे से मुलाकात की। भुवन सिंह ने आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे गांव में उनका रहना मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवार ने एसपी से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
आशीष खरे, पुलिस अधीक्षक, डिंडोरी: "मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित पक्ष की मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के आधार पर प्रकरण में और सख्त धाराएं बढ़ाई जाएंगी।"
0 टिप्पणियाँ