साप्ताहिक जनसुनवाई में प्राप्त हुए 81 आवेदन, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने दिए समय-सीमा में निराकरण के कड़े निर्देश

 

dindori-jansunwai-collector-anju-pawan-bhadoria-orders-salary-disbursement-electricity-bill-issues

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, और डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।


जनसुनवाई के दौरान विभिन्न मामलों पर तुरंत संज्ञान लिया गया। वार्ड नंबर 10 से पहुंचे दुर्गेश राव ने अपने बिजली बिल की समस्या को लेकर आवेदन दिया, जिस पर ईई बघेल द्वारा मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वहीं मणिकपुर से पहुंचे बैगा शिक्षक संतराम पट्टा ने अपने 10 साल से रुके वेतन का गंभीर मामला कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एसी ट्राइबल (सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग) को कड़े निर्देश दिए कि इसी महीने उनकी सभी समस्याएं दूर होकर वेतन का भुगतान सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई कि शिक्षक पिछले 8 महीनों से लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं और अब तक समाधान न निकलना प्रशासनिक कमी को दर्शाता है। इसके साथ ही बीईओ समनापुर को भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि आगामी त्यौहार से पहले इस प्रकरण का शत-प्रतिशत निराकरण हो जाना चाहिए।


अन्य मामलों में, विकासखंड डिंडौरी के ग्राम रहंगी निवासी श्री जेठू सिंह ने खेत तालाब की राशि का भुगतान न होने पर सीईओ जनपद पंचायत को जांच के निर्देश दिए गए। सुश्री हीरा टांडिया द्वारा प्राथमिक शाला दपकी टोला (संकुल केंद्र मूसामुंडी) में अतिथि शिक्षक वर्ग-3 की भर्ती में अनियमितता की शिकायत पर सहायक आयुक्त को जांच सौंपी गई। श्री जगदीश सिंह मरावी द्वारा छात्रावास अधीक्षक के अभद्र व्यवहार की शिकायत पर बीईओ अमरपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम कनेरी माल के ग्रामीणों द्वारा बोर खनन के बाद हैंडपंप स्थापित कराने और भाजीटोला में विकास कार्यों में अनियमितता व धान खरीदी केंद्र प्रारंभ कराने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां रक्तचाप और मधुमेह की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services