(डिंडौरी): राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत परियोजना करंजिया के सेक्टर खुरखुरी दादर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र सोनतीरथ में एक महत्वपूर्ण और व्यापक निरीक्षण सह जन-संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान परियोजना अधिकारी (CDPO) श्याम सिंगोर और संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ श्याम सिंगोर द्वारा केंद्र के समस्त आवश्यक अभिलेखों और डिजिटल प्रविष्टियों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। उन्होंने पोषण माह 2026 के तहत जन-आंदोलन पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली दैनिक गतिविधियों की प्रगति का विशेष रूप से मिलान किया। इसके साथ ही बच्चों की वृद्धि निगरानी पंजी का अवलोकन करते हुए सैम (SAM) एवं मैम (MAM) श्रेणी के बच्चों की पहचान और उनके नियमित स्वास्थ्य फॉलो-अप की स्थिति की पूरी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने मातृ-शिशु पंजी, प्रसव पूर्व जाँच रिकॉर्ड, टीकाकरण और 25 दिवसीय टेक होम राशन (THR) के वितरण का भी भौतिक सत्यापन किया। केंद्र संचालन, बच्चों की उपस्थिति, गर्म पका भोजन तथा डिजिटल स्वास्थ्य पहचान जैसे आभा (ABHA) और अपार (APAAR) आईडी निर्माण की प्रगति की भी गहराई से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के उपरांत आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में एक विशेष जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासियों, माताओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस संवाद के दौरान सीडीपीओ श्याम सिंगोर ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गर्भवती और धात्री माताओं के दैनिक आहार में तिरंगा थाली यानी विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को शामिल करने की विशेष सलाह दी। उन्होंने माताओं को अपने शिशुओं को 6 माह तक केवल स्तनपान कराने और उसके बाद समय पर पौष्टिक एवं गाढ़ा ऊपरी आहार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा बच्चों को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने हेतु व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई के महत्व और बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र भेजकर सरकारी पोषण योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की गई।
0 टिप्पणियाँ