जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है। जिला परिवहन अधिकारी श्री विमलेश गुप्ता और थाना प्रभारी यातायात श्री सुभाष उइके के नेतृत्व में बुधवार को एक विशेष संयुक्त सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया।
कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 04 बसों के चालान काटे गए और 2,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा, अन्य दोपहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने जैसे गंभीर मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 चालान जारी किए गए और 5,900 रुपये का समन शुल्क जमा कराया गया। इस प्रकार कुल 22 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 7,900 रुपये का कुल समन शुल्क वसूला गया।
इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में परिवहन कार्यालय से श्री पंकज डेहरिया व श्री शंकर चारिया तथा यातायात पुलिस से सउनि श्री राम रूप विश्वकर्मा, आरक्षक राजन, विष्णु और अनिल की टीम ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समझाइश दी कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, सफर के दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, तथा सबसे जरूरी बात कि नाबालिगों को वाहन बिल्कुल न दें। प्रशासन की इस सराहनीय पहल से क्षेत्र के वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति एक नई जागरूकता और सतर्कता देखने को मिल रही है।

0 टिप्पणियाँ