
डिंडौरी जिले में प्रशासनिक कसावट, मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और विभागीय कामकाज की गहन समीक्षा की। इस दौरान प्रशासनिक सुस्ती को दूर करने और डिजिटल तकनीक का उपयोग कर शासन की सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश: कार्यालयों में बैठने से नहीं चलेगा काम, अधिकारी फील्ड में उतरें
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर औपचारिकता न निभाएं, बल्कि नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों में जाकर विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लें. उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे समझकर मौके पर ही उनका निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए कि पुरानी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हों. इसके साथ ही आगामी धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए गिरदावरी के कार्य में तेजी लाने और समय-सीमा में किसानों का पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
कर्तव्य से गैरहाजिर पटवारियों पर शिकंजा, अंतिम चेतावनी जारी
शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने वाले मैदानी अमले के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव द्वारा डिंडौरी, शहपुरा और बजाग तहसीलों में पदस्थ उन पटवारियों को अंतिम सूचना जारी की गई है जो बिना किसी पूर्व अनुमति या स्वीकृत अवकाश के अनधिकृत रूप से अपने मुख्यालय से गायब चल रहे हैं. इस गैरहाजिरी के कारण आम जनता के शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं. संबंधित पटवारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आगामी 08 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे अनिवार्य रूप से भू-संसाधन प्रबंधन शाखा के समक्ष उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण और वैध अभिलेख प्रस्तुत करें. निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने या संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
‘नीति तारा’ डिजिटल टूल से आकांक्षी विकासखंडों में स्मार्ट समीक्षा की शुरुआत
नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के तीनों आकांक्षी विकासखंडों बजाग, करंजिया और मेंहदवानी में विकास कार्यों की मॉनिटरिंग को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए ‘नीति तारा’ डिवाइस उपलब्ध कराई गई है. इस स्मार्ट डिजिटल टूल के माध्यम से विभिन्न विकास संकेतकों के एमआईएस डेटा का साप्ताहिक, मासिक और वार्षिक विश्लेषण करना आसान हो गया है, जिससे कमियों और गैप की समय रहते पहचान कर सुधार कार्य किए जा सकेंगे. आकांक्षी विकासखंड फेलो द्वारा इस डिवाइस का उपयोग कर मैदानी स्तर पर योजनाओं के संतृप्तिकरण में सहयोग दिया जा रहा है, जिससे डिंडौरी में डेटा आधारित सुशासन को एक नई गति मिल रही है.
अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण का अनूठी अभियान शुरू
जिले में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष रोस्टर आधारित स्वास्थ्य परीक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया है. इसी कड़ी में बजाग तहसील कार्यालय में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, वजन और हीमोग्लोबिन जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं. लगातार कार्यालयीन व्यस्तता के चलते अपने स्वास्थ्य पर ध्यान न दे पाने वाले कर्मियों के लिए यह पहल बेहद मददगार साबित हो रही है, और शिविर के माध्यम से सभी के डिजिटल हेल्थ कार्ड भी तैयार किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में स्वास्थ्य फॉलोअप रखा जा सके. यह अभियान आने वाले दिनों में जिले के अन्य विभागों में भी निरंतर जारी रहेगा.
नवोदय विद्यालय धमनगांव में कक्षा 9वीं और 11वीं प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया तेज
पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और कक्षा 11वीं (कला, मानविकी एवं विज्ञान संकाय) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आगामी 30 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in के माध्यम से अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन कर लें ताकि किसी प्रकार की तकनीकी असुविधा से बचा जा सके.
0 टिप्पणियाँ