जारी किए गए प्रशासनिक आदेश के अनुसार, कन्या शिक्षा परिसर समनापुर के प्रथम श्रेणी प्राचार्य जैमल सिंह कुशरे को समनापुर विकासखंड का प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं, नवीन हाई स्कूल मड़वारी (विकासखंड शहपुरा) के प्राचार्य संजय कुमार जाट को शहपुरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी क्रम में कन्या शिक्षा परिसर बजाग के उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य बलवीर सिंह मरावी को बजाग विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अहम दायित्व दिया गया है।
प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्व प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी से आधिकारिक रूप से प्रभार ग्रहण कर अपनी मूल पदस्थ संस्था या कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही मप्र वित्तीय शक्ति पुस्तिका 2012 के नियमों के तहत इन अधिकारियों को संबंधित पदों के आहरण एवं संवितरण (DDO) के अधिकार भी प्रत्यायोजित किए गए हैं, जिससे वित्तीय व प्रशासनिक कार्य बिना किसी बाधा के संचालित हो सकें। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए महालेखाकार, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला कोषालय अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों को प्रतिलिपि प्रेषित कर दी गई है।


0 टिप्पणियाँ