सत्य प्रहार न्यूज़ (डिंडोरी)। संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने बीते कल (3 जुलाई) डिंडोरी जिले के आकांक्षी विकासखंड बजाग का सघन दौरा कर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय हाईस्कूल सरवाही में खुद क्लासरूम में जाकर बच्चों से सवाल-जवाब किए और शिक्षा की गुणवत्ता परखी, वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर हर्रा टोला पहुंचकर दवाओं का स्टॉक और वितरण पंजी जांची। ग्राम मझियाखार में किसान जितेंद्र साहू का उन्नत जैविक उद्यानिकी मॉडल देखने के बाद कमिश्नर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, एसपी श्री आशीष खरे और जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी की मौजूदगी में जिला स्तरीय अधिकारियों की एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक ली।
बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों और हॉस्टलों में बच्चों के नामांकन व प्रवेश को एक बड़े अभियान के रूप में चलाकर समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने शत-प्रतिशत अपार आईडी (APAAR ID) बनाने, समय पर किताबें बांटने और हॉस्टलों में भोजन की गुणवत्ता व पानी की टंकियों की नियमित वॉटर टेस्टिंग सुनिश्चित करने की हिदायत दी। स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं में ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन व टीकाकरण में कम प्रगति लाने वाले लापरवाह अधिकारियों को तत्काल स्पष्टीकरण (कारण बताओ नोटिस) जारी करने के निर्देश दिए।
कृषि क्षेत्र की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने दो टूक कहा कि चालू खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद-बीज मिले और इसका वितरण 'ई-विकास प्रणाली' से ही हो, साथ ही बाजार में अमानक सामग्री बेचने वाले दुकानदारों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। अंत में उन्होंने पीएम आवास, जल जीवन मिशन, सड़क सुरक्षा हेतु ब्लैक स्पॉट्स के चिन्हांकन और नई मत्स्य उद्योग नीति सहित विभिन्न विभागीय विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में काम पूरे करने के कड़े निर्देश दिए।

0 टिप्पणियाँ