जबलपुर। संस्कारधानी के वार्ड क्रमांक 29, राम मनोहर लोहिया वार्ड के अंतर्गत आने वाले त्रिमूर्ति नगर (90 क्वार्टर) क्षेत्र में बीते डेढ़ माह से दूषित जलापूर्ति होने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नर्मदा जल पाइपलाइन में सीवर का पानी मिलने के कारण क्षेत्र में पीलिया और डायरिया जैसी बीमारियों के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच गंदे पानी की सप्लाई ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।
निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार, लगभग डेढ़ महीने पहले ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा था। कथित तौर पर लापरवाही के कारण कार्य के दौरान नर्मदा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि, विभाग द्वारा सुधार कार्य का दावा किया गया था, लेकिन निवासियों का कहना है कि सुधार के बाद से ही पानी में दुर्गंध और गंदगी बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि पाइपलाइन में कहीं बड़ा 'फाल्ट' रह गया है, जिसकी वजह से सीवर का पानी पेयजल में मिल रहा है।
इंदौर की घटना का हवाला देते हुए ज्ञापन की तैयारी क्षेत्र में बढ़ती बीमारियों और दूषित पानी को लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने इंदौर की हालिया दुखद घटनाओं का उल्लेख करते हुए नगर निगम प्रशासन से समय रहते फाल्ट सुधारने की अपील की है ताकि किसी बड़ी महामारी को रोका जा सके। नागरिकों ने निर्णय लिया है कि यदि शीघ्र ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर नगर निगम कमिश्नर को विधिवत ज्ञापन सौंपेंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट: जबलपुर न्यूज़ एजेंसी
0 टिप्पणियाँ