शहपुरा/मेंहदवानी। शहपुरा तहसील में खाद्य विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहरी क्षेत्रों में दबिश देने के बाद अब विभाग ने कस्बों की ओर रुख किया है। इसी कड़ी में रविवार को सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के नेतृत्व में टीम ने अचानक विकासखंड मेंहदवानी के व्यस्ततम इलाके में स्थित प्रतिष्ठित अभिलाष दास लारिया होटल में छापामार कार्रवाई की।
जनपद कार्यालय के ठीक सामने स्थित इस होटल में निरीक्षण के दौरान टीम को तीन घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों के विरुद्ध घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल किए जाने पर खाद्य विभाग ने तत्काल उन्हें जप्त कर लिया। होटल संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर मामला दर्ज किया गया है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी ने बताया कि पिछले दो दिनों से शहपुरा नगरीय क्षेत्र में लगातार कार्रवाई की जा रही थी और तीसरे दिन मेंहदवानी मुख्यालय में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। जनपद कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान के सामने स्थित होटल में हुई इस अचानक कार्रवाई से पूरे मेंहदवानी क्षेत्र के होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियम विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पंचनामा तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की है।

0 टिप्पणियाँ