डिंडोरी, मध्य प्रदेश रिपोर्ट: अभिलाष शुक्ला, सत्य प्रहार
मध्य प्रदेश का डिंडोरी जिला आज एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना। जिले में 'श्री अन्न' (मिलेट्स) को जन-जन तक पहुँचाने और किसानों को मोटे अनाज की खेती के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग के तत्वावधान में एक विशाल ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया। इस रैली ने न केवल सुर्खियां बटोरीं, बल्कि किसानों के बीच एक नया उत्साह भी भर दिया।
विधायक का अनूठा अंदाज: खुद संभाला ट्रैक्टर का स्टीयरिंग
कार्यक्रम का सबसे आकर्षण केंद्र तब देखने को मिला जब शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने प्रोटोकॉल किनारे रख खुद ट्रैक्टर का स्टीयरिंग संभाला। उन्होंने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर रैली को रवाना किया। विधायक जी के इस अंदाज़ ने वहां मौजूद किसानों का दिल जीत लिया और यह संदेश दिया कि खेती-किसानी गर्व का विषय है। विधायक धुर्वे के साथ कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कतारबद्ध ट्रैक्टरों के विशाल काफिले को रवाना किया।
समर्थन मूल्य और योजनाओं की सौगात
रैली के दौरान विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कोदो-कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाजों को समर्थन मूल्य पर खरीदने का ऐतिहासिक निर्णय ले चुकी है। सरकार की इस पहल से अब डिंडोरी के किसानों को उनके पसीने की सही कीमत मिल सकेगी।
प्रधानमंत्री कृषि धनधान्य योजना और वर्ष 2026
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जानकारी साझा की कि वर्ष 2026 को 'कृषक वर्ष' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि कम उत्पादकता वाले जिलों की श्रेणी में होने के कारण प्रधानमंत्री जी ने 'कृषि धनधान्य योजना' के अंतर्गत डिंडोरी जिले को विशेष रूप से शामिल किया है। आज की यह ट्रैक्टर रैली इसी योजना के प्रचार-प्रसार और किसानों के पंजीयन को बढ़ावा देने की एक कड़ी है।
यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के सभी विकासखंडों में एक साथ इस रैली और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों और भारी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डिंडोरी प्रशासन की यह संवेदनशीलता और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता यह बताती है कि आने वाले समय में डिंडोरी न केवल प्रदेश में बल्कि देश में मिलेट्स हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
ताजा खबरों और विस्तृत रिपोर्ट के लिए जुड़े रहिए 'सत्य प्रहार' के साथ। देखें पूरा वीडियो:
0 टिप्पणियाँ