डिंडोरी | रिपोर्ट: अभिलाष शुक्ला (सत्य प्रहार)
डिंडोरी। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। रविवार को नगर के व्यस्ततम बस स्टैंड स्थित रानी अवंती बाई चौराहे पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती वाहिनी सिंह ने खुद मोर्चा संभाला।
जरूरतमंदों को मिला सुरक्षा का उपहार
अक्सर देखा जाता है कि कई वाहन चालक आर्थिक तंगी या लापरवाही के कारण हेलमेट नहीं पहनते। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और समाजसेवियों के सहयोग से निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह ने विशेष रूप से उन चालकों को हेलमेट प्रदान किए जिनके पास लाइसेंस, बीमा और गाड़ी के दस्तावेज तो पूरे थे, लेकिन वे हेलमेट खरीदने में असमर्थ थे।
SP ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "हेलमेट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला साथी है। यदि हेलमेट मिलने के बाद भी कोई बिना इसके पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
1 फरवरी से पेट्रोल पंपों पर कड़ाई
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों और वाहन चालकों को अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी 2026 से जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर 'बिना हेलमेट, पेट्रोल नहीं' (No Helmet, No Petrol) के नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा। यदि कोई पंप संचालक इसमें लापरवाही बरतता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यमराज और नुक्कड़ नाटक ने खींचा ध्यान
इस जागरूकता अभियान का मुख्य आकर्षण 'यमराज' का भेष धारण किए एक कलाकार रहा। यमराज ने सड़क पर चल रहे लोगों को रोककर बड़े ही रोचक अंदाज़ में समझाया कि 'बिना हेलमेट के यमराज आपके बहुत करीब हैं'। इसके साथ ही श्री प्रकाश राव की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों का महत्व बताया, जिसे वहां मौजूद जनता ने खूब सराहा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस नेक कार्य में समाजसेवी श्री रमेश राज्यपाल, श्री अमजद खान और होंडा एजेंसी के श्री मनोज वर्मा ने भी हेलमेट वितरण कर अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री भारती मरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, यातायात थाना प्रभारी सुभाष सहित भारी संख्या में पुलिस बल और पत्रकार गण मौजूद रहे।
वीडियो देखें और शेयर करें
ताजातरीन खबरों के लिए जुड़े रहें 'सत्य प्रहार' न्यूज़ के साथ। ब्यूरो रिपोर्ट: अभिलाष शुक्ला, डिंडोरी
0 टिप्पणियाँ