डिंडोरी: 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' आदेश का रियलिटी चेक; कहीं अजब जुगाड़ तो कहीं सरेआम उड़ रही नियमों की धज्जियां

 डिंडोरी | रिपोर्ट: अभिलाष शुक्ला (सत्य प्रहार)

डिंडोरी। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त है, लेकिन क्या ज़मीनी स्तर पर इसका असर दिख रहा है? पिछले हफ्ते डिंडोरी की ज़िला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने एक सराहनीय और सख्त आदेश जारी किया था— "नो हेलमेट, नो पेट्रोल"। आदेश का मकसद साफ़ था कि दोपहिया वाहन चालक अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक हों। लेकिन आज जब 'सत्य प्रहार' की टीम ने नगर के पेट्रोल पंपों का रियलिटी चेक किया, तो प्रशासन के दावों और ज़मीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर नज़र आया।

कहीं 'शेयरिंग हेलमेट' का खेल, तो कहीं मैनेजर का सफेद झूठ

हमारी टीम ने डिंडोरी नगर के बीचों-बीच स्थित जैन पेट्रोल पंप से अपनी पड़ताल शुरू की। यहाँ जो नज़ारा दिखा, वह किसी को भी हैरान कर सकता है। पंप संचालकों ने कलेक्टर के आदेश की काट निकालने के लिए एक 'अजब जुगाड़' कर लिया है। पंप के किनारे एक अमानक हेलमेट रखा गया है। जो भी ग्राहक बिना हेलमेट के आता है, उसे वही पुराना हेलमेट पहनाकर पेट्रोल दे दिया जाता है। यानी नियम की खानापूर्ति भी हो गई और प्रशासन की आँखों में धूल भी झोंक दी गई। 

इसके बाद हमारी टीम जलाराम पेट्रोल पंप पहुँची। यहाँ तो नियमों का डर रत्ती भर भी नज़र नहीं आया। बिना हेलमेट के ग्राहकों को धड़ल्ले से पेट्रोल बाँटा जा रहा है। हद तो तब हो गई जब वहाँ के मैनेजर कैमरे के सामने आकर सफाई देने लगे और सफेद झूठ बोलते रहे कि नियमों का पालन हो रहा है, जबकि कैमरा सब कुछ कैद कर चुका था। यही हाल ओम ज्योति पेट्रोल पंप का भी पाया गया।


सिर्फ 'श्री शंकर शोभा' पेट्रोल पंप पर दिखी ईमानदारी

इस रियलिटी चेक के दौरान नगर का एकमात्र श्री शंकर शोभा पेट्रोल पंप ऐसा मिला, जहाँ कलेक्टर के आदेश का अक्षरश: पालन होता दिखा। यहाँ का स्टाफ न केवल नियमों के प्रति जागरूक है, बल्कि बिना हेलमेट आने वाले ग्राहकों को साफ़ तौर पर पेट्रोल देने से मना भी कर रहा था। यहाँ आम जनता भी नियमों का सम्मान करती नज़र आई।


प्रशासन तक पहुँची रिपोर्ट, अब कार्रवाई का इंतज़ार

'सत्य प्रहार' ने अपनी इस ग्राउंड रिपोर्ट के माध्यम से पूरी सच्चाई और वीडियो प्रमाण कलेक्टर महोदया तक पहुँचा दिए हैं। नियमों का मज़ाक उड़ाने वाले इन पेट्रोल पंपों पर अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतज़ार है। सवाल यह है कि अगर पेट्रोल पंप संचालक ही नियमों को ठेंगा दिखाएंगे, तो सड़क सुरक्षा का सपना कैसे सच होगा?


वीडियो देखें: 


ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें 'सत्य प्रहार' के साथ। रिपोर्टर: अभिलाष शुक्ला, डिंडोरी

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services