सेवा संकल्प यात्रा: उमरिया बॉर्डर से डिंडौरी में प्रवेश रयपुरा में प्रशासनिक शिविर और शहपुरा में हुआ रात्रि विश्राम

 

seva-sankalp-yatra-reaches-dindori-shahpura-camp-plantation

डिंडौरी: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उमरिया की ओर से निकली सेवा संकल्प यात्रा मंगलवार को डिंडौरी-उमरिया बॉर्डर से जिले में प्रवेश कर शहपुरा की ओर रवाना हुई। इस भव्य यात्रा में लगभग 250 बाइक और 500 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य सेवा, सहयोग, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रयपुरा आगमन पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।


स्वागत समारोह के दौरान शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, जिला वनमंडल अधिकारी श्री अशोक सोलंकी, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम, तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू नेताम सहित प्रमुख जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

यात्रा के डिंडौरी प्रवास के दौरान शहपुरा क्षेत्र के रयपुरा में प्रशासन द्वारा विशेष शिविर लगाया गया है। इस शिविर में यात्रा में शामिल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और विभिन्न शासकीय सेवाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं।

सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागी शहपुरा में रात्रि विश्राम कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा यात्रियों के ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को यात्रा के प्रतिभागी शहपुरा स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे। इसके पश्चात यात्रा बरखेड़ा आश्रम पहुंचेगी, जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बरखेड़ा आश्रम में पौधारोपण के बाद यह यात्रा आगे कुंडम के लिए रवाना होगी। इस अभियान के माध्यम से शासन, प्रशासन और समाज की सहभागिता से जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services