मध्य प्रदेश के सागर जिले में हाल ही में सामने आई घटना को संज्ञान में लेते हुए डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन व आबकारी विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
प्रशासन की ओर से नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण आग्रह किया गया है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें और सहयोग प्रदान करें। अगर कहीं भी किसी प्रकार की गलत गतिविधि हो रही है, तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें और आबकारी विभाग की जानकारी में लाकर एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें, जिससे समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।
इसके साथ ही समाज में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि कोई भी व्यक्ति बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर भ्रामक या असत्य जानकारी साझा न करे, ताकि अफवाहों से बचा जा सके और एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
अनाधिकृत और हाथ से बनी शराब से रहें कोसों दूर
जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपील की है कि लोग किसी भी प्रकार की अनाधिकृत, अवैध या हाथ से बनी शराब (कच्ची शराब) के सेवन से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। सस्ती शराब या अवैध स्रोतों से मिलने वाली मदिरा में मिलावट की आशंका होती है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकती है। अपने स्वस्थ और खुशहाल जीवन को प्राथमिकता दें।
जिले में सिर्फ 5 ही अधिकृत दुकानें, यहीं से खरीदें मदिरा
नागरिकों की सुविधा और जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने अधिकृत बिक्री केंद्रों की सूची साझा की है। कलेक्टर के निर्देशन में जिलेभर में केवल 5 निर्धारित और अधिकृत विदेशी मदिरा कंपोजिट दुकानें ही संचालित हैं, जहाँ से नियमानुसार खरीदी की जा सकती है:
शहपुरा: 2 दुकानें
गाड़ा सरई: 1 दुकान
समनापुर: 1 दुकान
करंजिया: 1 दुकान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिक केवल इन्हीं अधिकृत विक्रेताओं से मदिरा क्रय करें। इसके साथ ही, मध्य प्रदेश शासन के नियमों का पूर्ण पालन किया जाए, जिसके तहत तय उम्र सीमा से कम आयु के युवाओं को शराब बेचने या खरीदने पर पाबंदी है। यदि कोई अधिकृत विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दाम लेता है, तो इसकी उचित शिकायत जिला आबकारी कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है।
"कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर आबकारी विभाग लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। अप्रैल माह से लेकर आज दिनांक तक कुल 493 प्रकरण कायम कर 3261 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसमें विदेशी, देशी और हाथभट्टी मदिरा शामिल है और सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय में अभियोजित किया जा रहा है।"
— श्री पतरस बरा, जिला आबकारी अधिकारी, डिंडोरी (म.प्र.)

0 टिप्पणियाँ