डिंडोरी में स्वतंत्रता दिवस की धूम: सरस्वती शिशु मंदिर, मॉर्डन इंग्लिश पब्लिक स्कूल सहित जिले के विद्यालयों में गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे

स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व डिंडोरी जिले में पूरी भव्यता, हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, जहां बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया।

सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद तिलक बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया ने ध्वजारोहण किया और सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष सपना जैन, सह व्यवस्थापक नरबदिया मरकाम, समिति सदस्य रितुपर्णा बिलैया, जमुना प्रसाद गर्ग और आशुतोष गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्था प्रमुख देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि किशोर भारती एवं कन्या भारती के भैया-बहिनों ने तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मृणालिनी पाठक ने किया और अंत में प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पाण्डेय के आभार प्रदर्शन तथा मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इसी क्रम में सरस्वती इंग्लिश मीडियम स्कूल, सुबखार में भी तिरंगे की शान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देशभक्ति केवल भावना नहीं बल्कि जीवन का संस्कार है और हमारा तिरंगा देश की आन, बान व शान का प्रतीक है। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहिनों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर वरिष्ठ नागरिक कैलाश चंद्र जैन, समिति अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया, व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत, दिलीप नंदा, सुशीला मार्को, संतोषी सोनी सहित तमाम गणमान्य नागरिक, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।


जिले के मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में भी मां विंध्यवासिनी शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रुचि पाण्डेय के तत्वाधान में अस्सीवां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। संस्था प्राचार्या और समिति सदस्यों के संयुक्त ध्वजारोहण के बाद विद्यालय से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें नौनिहालों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। विद्यालय प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, लघु नाटक और छत्तीसगढ़ी गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर धनेश प्रसाद मिश्रा, सचिव अतुल पाठक, एस. धुर्वे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामवासी मौजूद रहे। अंततः सभी विद्यालयों में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन और मिष्ठान वितरण के साथ इस राष्ट्रीय पर्व का भव्य समापन किया गया।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services