सियासी पारा हाई: वंदे मातरम् का विरोध देश की जनता का अपमान, वीरांगना रानी अवंती बाई चौक पर भाजपा का उग्र प्रदर्शन
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के विषय को लेकर रविवार की शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीरांगना रानी अवंती बाई चौक तक जोरदार मार्च निकाला। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखे राजनीतिक हमले बोले गए।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की मूल भावना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। केंद्र सरकार द्वारा इसके 150 वर्ष पूरे होने पर संसद में कानून बनाया गया है, लेकिन कांग्रेस नेताओं की नीतियों के कारण सार्वजनिक आयोजनों में इसके गायन के दौरान गतिरोध उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का यह रवैया देश की संस्कृति और भावनाओं को आहत करने वाला है। भाजपा नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कीचड़ में डूबी नौनिहालों की प्रभात फेरी और दफ्तर में फिल्मी गानों पर लगे ठुमके??
जिले में 15 अगस्त के जश्न की जो तस्वीरें अब सामने आई हैं, वे व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती हैं। पहली तस्वीर डिंडोरी जनपद के बरगई ग्राम पंचायत की है, जहां छोटे-छोटे मासूम बच्चे पंचायत और स्कूल परिसर में फैले कीचड़ के ऊपर से प्रभात फेरी निकालने को मजबूर हुए।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सीसी सड़क निर्माण के बाद ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री पंचायत परिसर में ही डंप कर दी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि 10 अगस्त को जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने इस बात की शिकायत भी की थी। सूत्रों के मुताबिक सीईओ ने पंचायत को तुरंत सामान हटवाकर साफ-सफाई के निर्देश दिए थे, लेकिन सरपंच श्यामवती आर्मो और सचिव इंदर सिंह के स्तर पर इसे नहीं हटाया गया। नतीजतन, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर नौनिहालों को कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ा। हालांकि, इस मामले में जिला पंचायत सीईओ द्वारा संबंधितों को नोटिस जारी करने की बात सामने आई है।
दूसरी तरफ, समनापुर महिला बाल विकास परियोजना कार्यालय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ध्वजारोहण के बाद कुछ महिला अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा रील बनाए जाने की चर्चा है। वीडियो में जया मिश्रा, स्वप्निल पुरी, अरुणा मेश्राम, बसंती धुर्वे, सरिता इनवाती और एक अन्य पर्यवेक्षक के साथ-साथ ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अंजली वारया शासकीय भवन के ठीक सामने फिल्मी गीत "आज रुसवा तेरी गलियों में मोहब्बत होगी" पर नजर आ रही हैं। जब इस संबंध में समनापुर महिला बाल विकास परियोजना की प्रभारी अधिकारी स्वप्निल पुरी से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
हक की गूंज: 'हमें भी सरकार दे शिक्षक का सम्मान', 18 साल से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर डिंडोरी जिले के अतिथि शिक्षकों ने रविवार को एक विशाल रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार ब्रजभान सिंह को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष इमरान मलिक ने 'सत्य प्रहार' को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पिछले विधानसभा सत्र में मांगें पूरी करने का भरोसा दिया गया था। प्रदेश के अतिथि शिक्षक पिछले करीब 18 वर्षों से बेहद कम मानदेय पर शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबी दूरी तय कर शिक्षण कार्य करने के बावजूद उन्हें न तो नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं और न ही भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित है।
अतिथि संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणाओं को पूर्ण रूप से लागू किया जाए, वर्ष 2011 के टीईटी अभ्यर्थियों को स्कोर कार्ड का लाभ दिया जाए, मानदेय को दोगुना किया जाए, 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा दी जाए, 12 महीने का वेतन सुनिश्चित हो और नई अतिथि शिक्षक भर्ती पर रोक लगाई जाए। संघ ने रक्षाबंधन या शिक्षक दिवस से पहले सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
कुदरत के तेवर और प्रशासनिक सतर्कता: डिंडोरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बिलगांव बांध के दो गेट खुले
मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार की सुबह से ही रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। इसी बीच, शहपुरा विकासखंड के बिलगांव बांध के दो गेट सोमवार सुबह आठ बजे पांच-पांच सेंटीमीटर खोले गए हैं, जिससे बांध से 4.89 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण यह एहतियाती कदम उठाया गया है। विभाग द्वारा सिलगी नदी किनारे बसे गांवों—बिलगांव, पिपरिया, अमठेरा, बरगांव, करौंदी, इंदौरी, घुंडीसरई, कारीगढ़हरी, चंदवाही, चाटी, पिंडरई, कुटरई और फुलवाही में मुनादी करा दी गई है, ताकि ग्रामीण सतर्क रहें और मवेशियों को नदी के पास न जाने दें।
पिछले 24 घंटों में डिंडोरी में 2 इंच, अमरपुर में डेढ़ इंच, समनापुर व बजाग में आधा-आधा इंच, करंजिया में डेढ़ इंच, शहपुरा में 9.2 मिमी और मेहदवानी में 5.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, 1 जून से अब तक जिले में औसत बारिश पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम दर्ज की गई है।
0 टिप्पणियाँ