-डिंडोरी विधायक ने उठाए जर्जर भवनों और शिक्षकों की कमी के मुद्दे,शहपुरा विधायक का सिस्टम पर प्रहार: "कच्चा घर चले 50 साल, सरकारी पक्का सिर्फ 15 साल"

 डिंडोरी। जिले में विकास कार्यों को एक नई रफ्तार देते हुए बुधवार को  16 करोड़ 16 लाख 171 रुपये की लागत से नवनिर्मित 5 संदीपनी विद्यालयों का एक साथ भव्य लोकार्पण किया गया। नरिया संदीपनी विद्यालय परिसर में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम और जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। लोकार्पण से पहले अतिथियों ने परिसर में वृक्षारोपण किया और पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे 'नशा मुक्त भारत अभियान रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बांटा गया और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन का स्वाद भी चखा।


डिंडोरी विधायक ने उठाए जर्जर भवनों और शिक्षकों की कमी के मुद्दे


कार्यक्रम के दौरान डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम ने मंच से जिले की शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने जोर देकर कहा कि संदीपनी विद्यालय, एकलव्य विद्यालय और कन्या शिक्षा परिसरों में केवल 12 हजार बच्चे ही पढ़ पा रहे हैं, जबकि जिले के बाकी 1 लाख 27 हजार बच्चों का भविष्य अभी भी अधर में है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जिले के कुल 1,864 स्कूलों में से 789 स्कूल या तो जर्जर हैं या पूरी तरह भवन विहीन हैं। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों के ट्रांसफर पर भी सवाल उठाया और कहा कि जिले से 251 शिक्षकों का ट्रांसफर कर दिया गया लेकिन उनकी जगह एक भी नया शिक्षक नहीं आया, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते से मांग की कि वे इस बार डिंडोरी के विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये की विशेष राशि जारी करें।

शहपुरा विधायक : "कच्चा घर चले 50 साल, सरकारी पक्का सिर्फ 15 साल"



शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि गांव का गरीब आदमी जब ईंट और मिट्टी से कच्चा घर बनाता है तो वह 50 साल तक चलता है, लेकिन बड़े-बड़े इंजीनियर, सब-इंजीनियर और एसडीओ जब लोहा, गिट्टी और सीमेंट से पक्का निर्माण करते हैं तो उसकी उम्र सिर्फ 15 साल ही रह जाती है। उन्होंने अधिकारियों पर डीपीआर बनाने में लापरवाही बरतने और 'फोटोकॉपी व सफेदा' लगाकर काम चलाने का आरोप लगाया। नेशनल हाईवे निर्माण में मुआवजा वितरण की गड़बड़ी का मुद्दा भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया।

नशा की परिभाषा बताते हुए विधायक ने कहा कि नशा वह है जिससे इंसान अपनी आदत से मजबूर हो जाए, जिससे खुद को नुकसान हो और आसपास के लोगों पर बुरा असर पड़े। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस के साथ रथ निकालने से कुछ नहीं होगा, बल्कि असली कार्रवाई बड़े शराब माफियाओं पर होनी चाहिए जो गांव-गांव अवैध शराब बेच रहे हैं। विधायक ने मंच से शपथ ली कि अगर पुलिस अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई करेगी तो वे कभी किसी की सिफारिश करने नहीं आएंगे। इस पर 

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं- समाज के सभी लोगों की भागीदारी जरूरी



सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं है, बल्कि इसमें समाज के सभी लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

प्रभारी मंत्री : "विधायक जी, अच्छे कामों की तारीफ भी करना सीखें"

विधायकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने सरकार का मजबूती से पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, जो गरीबों को पक्के आवास, मुफ्त राशन और गैस सिलेंडर जैसी बुनियादी सुविधाएं दे रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन संदीपनी विद्यालयों का आज लोकार्पण हुआ है, वहां प्राइवेट स्कूलों से भी शानदार और आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं और यही हमारे विकसित मध्य प्रदेश की असली तस्वीर है। उन्होंने डिंडोरी विधायक को जवाब देते हुए कहा कि सरकार किसी भी क्षेत्र के साथ कोई पक्षपात नहीं करती है और हर जगह पर्याप्त विकास कार्य हो रहे हैं, इसलिए विपक्ष को अच्छे कार्यों की खुलकर तारीफ भी करनी चाहिए।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर विकास मिश्रा (अंजू पवन भदौरिया), एसपी आशीष खरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services