जिले के मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान की तस्वीर बदलने के लिए आज एक बेहद सराहनीय और सकारात्मक पहल की गई है। डिंडोरी नगर परिषद के तत्वाधान में आज इस ऐतिहासिक खेल मैदान में वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया, ताकि उपेक्षा का शिकार रहे इस इकलौते खेल मैदान को हरा-भरा और सुंदर बनाया जा सके। पर्यावरण संरक्षण और मैदान के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए आज यहाँ विशेष रूप से तेजी से बढ़ने वाले और सदाबहार कोनोकार्पस (Conocarpus) के पौधे रोपे गए हैं।
कलेक्टर और एसडीएम सहित तमाम दिग्गज रहे मौजूद
आज आयोजित इस विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के साथ एसडीएम श्री राम बाबू देवांगन ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस,उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक ,सीएमओ श्री वेद प्रकाश पुरी और वार्ड पार्षद -रजनीश राय, रितेश जैन,रुपाली जैन ने पौधारोपण किया। इस दौरान नगर परिषद का पूरा मैदानी अमला और सफाई व निर्माण विभाग के कर्मचारी भी मुस्तैद नजर आए।
कलेक्टर के सख्त निर्देश: ट्री गार्ड और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम वृक्षारोपण के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रोपे गए सभी कोनोकार्पस पौधों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से मजबूत ट्री गार्ड लगाए जाएँ। साथ ही, मैदान में मवेशियों के प्रवेश को रोकने और पौधों को सुरक्षित रखने के लिए स्कूल का गेट बंद रखने की हिदायत दी गई, ताकि ये पौधे सुरक्षित माहौल में फल-फूल सकें।
एसडीएम राम बाबू देवांगन ने दी बड़ी जानकारी: जल्द होगी 6 फीट की फेंसिंग इस संबंध में मौके पर चर्चा के दौरान एसडीएम श्री राम बाबू देवांगन ने बताया कि चूंकि डिंडोरी में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए यही एकमात्र मुख्य खेल मैदान है, इसलिए इसके स्थायी संरक्षण के लिए पुख्ता कदम उठाए जा रहे हैं। एसडीएम ने जानकारी दी कि जल्द ही इस पूरे ग्राउंड को 6 फीट ऊंची मजबूत फेंसिंग से पूरी तरह कवर कर दिया जाएगा, ताकि कोई भी इसमें अनाधिकृत रूप से प्रवेश न कर सके और न ही यहाँ कोई कचरा आदि फेंक सके।
प्रशासन के इस त्वरित और कड़े कदम से डिंडोरी के नागरिकों और खेल प्रेमियों में एक नई उम्मीद जग गई है कि आज रोपे गए ये पौधे और आगामी सुरक्षा व्यवस्था इस मैदान की खोई हुई रौनक को वापस लौटाकर इसे शहर का एक आदर्श खेल परिसर बनाएंगे।

0 टिप्पणियाँ