कलेक्टर के निर्देशन में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के निर्देशन में जिले में संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन शिवनिल नशा मुक्ति एवं मनोचिकित्सा केंद्र तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुरानी डिंडोरी स्थित मंडला बस स्टैंड, मेकलसुता कॉलेज, सीएम राइज विद्यालय धनुवासागर, शासकीय विद्यालय छांटा तथा समनापुर के हाट-बाजार में किया गया। इस दौरान जन-जागरूकता रैली निकाली गई और मंडला बस स्टैंड पर वाहनों पर नशा मुक्ति के संदेश वाले स्टीकर व पंपलेट लगाए गए। इस अवसर पर काउंसलर देवराज कछवाहा ने कहा कि नशा एक गंभीर बीमारी है जिसे काउंसलिंग और सही उपचार से ठीक किया जा सकता है, इसलिए पीड़ित व्यक्तियों का तिरस्कार करने के बजाय उन्हें पुनर्वास केंद्र पहुंचाने में मदद करें। इस कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का विशेष सहयोग रहा।
शासकीय कार्यों में लापरवाही पर कोटवार तत्काल प्रभाव से निलंबित
तहसीलदार बजाग ने शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने के मामले में ग्राम सुनियामार (राजस्व निरीक्षक मंडल गाड़ासरई) के कोटवार श्री मुकेश कुमार आर्मो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के भ्रमण के दौरान संबंधित कोटवार द्वारा अपने शासकीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया गया था। इस संबंध में स्पष्टीकरण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इस आचरण को मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 2020 के प्रावधानों के अंतर्गत गंभीर कदाचार की श्रेणी में मानते हुए यह निलंबन की कार्यवाही की गई है।
आरसेटी डिंडौरी में निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) डिंडौरी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए विभिन्न व्यवसायों से संबंधित 14 निःशुल्क आवासीय स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार के लिए तैयार करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गार्डनिंग एवं लैंड स्केपिंग, सब्जी उत्पादन, मशरूम कल्टीवेशन, घरेलू विद्युत उपकरण सेवा, सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन, मछली पालन, पशु मित्र, पेंसिल ड्रॉइंग और कृषि उद्यमिता जैसे कई रोजगारोन्मुखी विषय शामिल हैं, जिनका आयोजन डिंडौरी, मेहंदवानी, करंजिया, शहपुरा, बजाग तथा समनापुर के विभिन्न केंद्रों पर होगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा जिसमें आवास और भोजन की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद बैंक ऋण और शासकीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी ताकि प्रतिभागी स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। इसके लिए 18 से 45 वर्ष के इच्छुक उम्मीदवार आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, समग्र आईडी, शैक्षणिक अंकसूची और पासपोर्ट फोटो के साथ आरसेटी डिंडौरी में समय रहते आवेदन कर सकते हैं क्योंकि इसमें सीटें सीमित हैं।
0 टिप्पणियाँ