डिंडौरी के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्तरा मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 9 बजे बस्तरा गांव के पास से गुजरने वाली कसा नदी की पुलिया पार करते समय एक कार नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे बहने लगी। इस कार में जबलपुर बटालियन में पदस्थ एसएफ (विशेष सशस्त्र बल) के जवान पदमजीत गौरा अपने चालक के साथ सवार थे। वे अपनी कार क्रमांक एमपी-20-सीएम-3505 से अपनी बहन और जीजा से मिलने बस्तरा गांव जा रहे थे, तभी पुलिया पर अचानक जलस्तर बढ़ गया और यह हादसा हो गया।
कार के नदी में बहने के दौरान जवान पदमजीत और उनके चालक ने गजब की सूझबूझ और बहादुरी दिखाई। दोनों ने समय रहते कार की खिड़की और दरवाजा खोला और बाहर निकल आए। उन्होंने उफनती नदी के तेज बहाव में हिम्मत नहीं हारी और तैरते हुए सुरक्षित किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि कार करीब आधा किलोमीटर दूर तक बहती चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर स्थिति को संभाला और जैसे ही नदी का जलस्तर थोड़ा कम हुआ, वैसे ही ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए कार को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की तत्परता तथा जवान की सूझबूझ से एक बड़ा संकट टल गया और दोनों सुरक्षित हैं।
0 टिप्पणियाँ