कलेक्टर ने ग्राम औरई से किया जनगणना 2027 का भव्य शुभारंभ
डिंडौरी जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानों के सूचीकरण का कार्य 1 मई 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड डिंडौरी के ग्राम पंचायत औरई में किसान भाव सिंह के घर पहुंचकर इस अभियान की शुरुआत की। कलेक्टर ने प्रगणकों का स्वागत किया और कहा कि सही आंकड़े ही विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बजाग में 'HLO' ऐप से शुरू हुआ डिजिटल सर्वे, परिवारों ने किया टीम का तिलक वंदन
बजाग क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देते हुए जनगणना कार्य पूरी तरह डिजिटल रूप में शुरू किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी सुश्री भारती मरावी के निर्देशन में उत्कृष्ट विद्यालय बजाग में प्रगणकों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें 'HLO' ऐप के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। जब जनगणना टीम HLB नंबर 0088 के तहत सर्वे करने पहुंची, तो स्थानीय परिवारों ने प्रगणक अनुग्रहदीप और पर्यवेक्षक चंद्रभान शर्मा का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी स्वागत किया। यह कार्य 30 मई 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा।
कलेक्टर ने गेहूं खरीदी केंद्र निगवानी का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने निगवानी स्थित गेहूं उपार्जन खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं, तौल, भंडारण एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए केंद्र प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों को खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समस्त व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जाये वही पास निगवानी वेेयरहाउस में रखे चावल के लाट की गुणवत्ता की जांच की जिसमें गुणवत्ता ठीक नही पाई गई । जिस पर वेयर हाउस प्रभारी ने बताया की खनुजा राईस मिल एवं मां नर्मदा राईस मिल से चावल आया है। जिसपर कलेक्टर ने गुणवत्ताहीन होने कारण वापिस करने निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवागंन, तहसीलदार श्री शांशक शिंडे,खाद्य अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शहपुरा में एसडीएम ने प्रगणकों को माला पहनाकर किया सम्मानित
शहपुरा अनुभाग के अंतर्गत ग्राम बरगांव, बरखेड़ा और मरवारी में जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा ने एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने सर्वे कर रहे प्रगणकों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनका उत्साहवर्धन किया। एसडीएम ने मौके पर ही मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा दर्ज करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि गणना कार्य में शुद्धता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उनके साथ तहसीलदार आर.पी. मार्को और अन्य राजस्व अधिकारी भी उपस्थित थे।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने ली सामूहिक विवाह की समीक्षा बैठक, जनगणना में सहयोग की अपील की
शहपुरा जनपद कार्यालय में विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एसडीएम और एसडीओपी सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी शामिल हुए। विधायक ने अधिकारियों को सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने जनता से विशेष अपील की कि जब जनगणना कर्मी घर आएं, तो उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाएं, पानी पिलाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि देश के विकास में सटीक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के 7 प्रकरण दर्ज
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 30 अप्रैल को डिंडोरी और समनापुर वृत्त के विभिन्न स्थानों जैसे जमुनिया, बस स्टैंड, धनवासी और अतरिया में दबिश देकर कुल 7 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में 104 पाव विदेशी मदिरा, 49 पाव देशी मदिरा और 22 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 24 हजार 75 रुपये है। आबकारी अधिकारी वैद्यनाथ वासनिक ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
संजय निकुंज नर्सरी पहुंचीं कलेक्टर, फलदार और सजावटी पौधों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उद्यानिकी विभाग की संजय निकुंज नर्सरी का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को सराहा। उन्होंने नर्सरी में उपलब्ध आम, स्ट्रॉबेरी, नाशपाती, नींबू और गुलाब के पौधों का अवलोकन किया। नर्सरी प्रभारी पुरुषोत्तम उइके ने बताया कि यहां विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे तैयार किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अच्छी गुणवत्ता वाले पौधों से नई पौध तैयार की जाए और नियमित सिंचाई व दवा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए ताकि स्थानीय किसानों को बेहतर पौधे मिल सकें।
मेंहदवानी में सर्वे कार्य का निरीक्षण, नायब तहसीलदार ने परखी पारदर्शिता
मेंहदवानी क्षेत्र में भी जनगणना 2027 के प्रथम चरण का काम पूरी तेजी से शुरू हो गया है। नायब तहसीलदार तेजलाल धुर्वे ने क्षेत्र का भ्रमण कर चल रहे सर्वे कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगणक दीप आशा साहू और चेतराम साहू को घर-घर जाकर सावधानीपूर्वक डेटा एकत्र करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना का यह चरण भविष्य की योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
0 टिप्पणियाँ