ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पेयजल सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिण्डौरी श्री दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में आज “वॉश ऑन व्हील” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता साथियों को गांवों में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के तकनीकी गुर सिखाए गए, जिसमें पानी की टंकियों की सफाई, नल मरम्मत और संस्थागत शौचालयों के रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल परीक्षण की प्रक्रिया को समझाकर हर नागरिक को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है।
पर्यटन सुरक्षा को लेकर डैम घाट के नाव संचालकों को कड़े निर्देश
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जल पर्यटन को सुरक्षित बनाने के लिए डैम घाट डिंडोरी के नाव संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सीएमओ श्री अमित तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी नाव संचालकों को अपनी नावों का अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा मानकों को लेकर स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक नाव में लाइफ सेफ्टी जैकेट, आपातकालीन ट्यूब और अन्य बचाव उपकरण होना अनिवार्य है। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि खराब मौसम या तेज हवा जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में नाव का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी कल करेंगी विकास कार्यों की समीक्षा
डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री और नगरीय विकास एवं आवास विभाग राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी 08 मई 2026 को जिले के प्रवास पर रहेंगी। वे प्रातः 10 बजे कलेक्टर सभाकक्ष में जिले के विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक लेंगी। इस बैठक में न केवल वर्तमान में चल रहे कार्यों की पड़ताल की जाएगी, बल्कि जिले के भविष्य के लिए प्रस्तावित विकास योजनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा होगी। प्रभारी मंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सत्य प्रहार न्यूज़ - निष्पक्ष पत्रकारिता, आपकी आवाज़।
0 टिप्पणियाँ