डिंडोरी | 06 मई, 2026
आज डिंडोरी जिले में प्रशासनिक सक्रियता और सांस्कृतिक उत्साह का मिला-जुला असर देखने को मिला। एक ओर जहाँ शहपुरा में विकास कार्यों की समीक्षा की गई, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय पर शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के कार्यक्रमों ने सुर्खियां बटोरी
शहपुरा में विकास कार्यों की समीक्षा: एसडीएम ने दिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शहपुरा, श्री ऐश्वर्या वर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एनएच बायपास, जेएसजेबी स्ट्रक्चर और मॉडल कॉलेज के भवन निर्माण की प्रगति देखी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बन रहे नवीन 20 बिस्तरीय अस्पताल और 100 सीटर छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने हेतु निर्देशित किया।
रेवोत्सव-2026’: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में बिखरे संस्कृति के रंग
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय डिंडोरी में वार्षिकोत्सव ‘रेवोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन हुआ। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने कश्मीरी, पंजाबी और भरतनाट्यम जैसे नृत्यों की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों और मेधावी छात्र श्रेयांश जैन सहित अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
तंबाकू मुक्त समाज की ओर कदम: नगर पालिका में कोटपा कानून पर विशेष प्रशिक्षण
स्वास्थ्य और नगर पालिका विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम’ के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमित तिवारी और डॉ. धर्मवीर मार्को ने अधिकारियों को कोटपा-2003 की धाराओं के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने इन नियमों को सख्ती से लागू करने का संकल्प लिया।
अवैध उत्खनन पर प्रहार: गिट्टी से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग ने अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम बरोदा (शहपुरा) में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रही एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। वाहन चालक श्याम सिंह के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन को थाना शहपुरा की सुरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खनिजों के अवैध दोहन पर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, डिंडोरी

0 टिप्पणियाँ