जनजातीय गौरव का उदय: बरगांव करौंदी में भव्य लोकार्पण समारोह

डिंडोरी। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और संस्कारों की नई अलख जगाने के उद्देश्य से जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत बरगांव करौंदी स्थित जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल परिसर में बुधवार को एक गरिमामय लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर नवनिर्मित बाउंड्रीवाल और शिक्षक भवन का विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ, जिसने केंद्र के बुनियादी ढांचे को एक नई मजबूती प्रदान की है


​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह-सरकार्यवाह माननीय रामदत्त चक्रधर ने अपने संबोधन में केंद्र द्वारा जनजातीय विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री माननीय राजेन्द्र शुक्ल ने की। इस दौरान आरएसएस के प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे और एनएचडीसी के महाप्रबंधक के.एस. पाण्डेय भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

​उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने केंद्र की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि आदरणीय राजकुमार भट्टाले जी के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह प्रकल्प आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यहाँ से शिक्षा प्राप्त करने वाले जनजातीय समाज के बच्चे न केवल बेहतर नागरिक बनेंगे, बल्कि राष्ट्र सेवा में भी अपना बहुमूल्य योगदान देंगे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी बात करते हुए बताया कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए लगभग 1500 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 1800 मेडिकल ऑफिसर्स की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

​इस भव्य आयोजन में जबलपुर के विधायक श्री अशोक रोहाणी, शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कटंगी विधायक गौरव पारधी सहित और भी कई भाजपा विधायक, आरएसएस और भाजपा का प्रदेश और जिला स्तर का शीर्ष नेतृत्व शामिल हुआ। हाई-प्रोफाइल अतिथियों के आगमन को देखते हुए शहपुरा क्षेत्र में डिंडोरी जिले का पूरा प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसपी वाहिनी सिंह और प्रशासनिक अमला सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे।

​परिसर की चारदीवारी का निर्माण एनएचडीसी के सीएसआर मद से कराया गया है, जबकि शिक्षक भवन का निर्माण विन्ध्य विकास प्राधिकरण एवं जन प्रतिनिधियों के सहयोग का परिणाम है। इस कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष मनोहर लाल साहू और सचिव डॉ. सुनील कांत वाजपेयी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। नर्मदांचल विद्यापीठ परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह ने स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का संचार किया है।

सत्य प्रहार न्यूज डिंडोरी के लिए अभिलाष शुक्ला की रिपोर्ट।


📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services