डिंडोरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित होते ही जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट एंजल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, डिंडोरी की छात्रा श्रेया सोनी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रा श्रेया सोनी, पिता अमित सोनी और माता रोशनी सोनी, ने इस मुख्य परीक्षा में 93.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय की प्रावीण्य सूची में तीसरा स्थान (Third Rank) हासिल किया है।
श्रेया की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। श्रेया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद सहित विद्यालय के प्राचार्य आशीष चौहान, उप-प्राचार्य अविनाश मानिकपुरी, अंग्रेजी शिक्षिका सानिया खान और विज्ञान शिक्षिका सुरभि रावत के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। श्रेया के परीक्षा परिणाम पर नजर डालें तो उन्होंने हिंदी में 98, संस्कृत में 94, सामाजिक विज्ञान में 94, गणित में 91 और विज्ञान में 91 अंक प्राप्त कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है।
छात्रा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर इष्ट मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन ने भी श्रेया की इस सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया है।

0 टिप्पणियाँ