डिंडोरी। जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सेल की मदद से एक ऐसे शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो पिछले कई महीनों से देहात क्षेत्रों में सक्रिय था। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सतीश द्विवेदी के कुशल निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में गठित टीम ने बड़ी मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों में ग्राम मुड़की निवासी 19 वर्षीय इरफान खान और एक बाल अपचारी शामिल है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान स्थानों और घरों के बाहर खड़े वाहनों को अपना निशाना बनाता था। वाहन चोरी करने के बाद आरोपी उनकी पहचान छुपाने के लिए उनका रंग बदल देते थे ताकि उन्हें आसानी से बाजार में बेचा जा सके। लेकिन इससे पहले कि आरोपी इन वाहनों को खपा पाते, कोतवाली पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर अपनी गिरफ्त में ले लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से 4 वाहन कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी हुए थे, जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल के मालिकों की तलाश की जा रही है।
केवल वाहन ही नहीं, बल्कि पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। बरामद गहनों में सोने के दो पेंडल, सोने की लोंग और चांदी के भारी छलबल व पायल शामिल हैं। पुलिस द्वारा जब्त की गई 5 मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये और जेवरातों की कीमत लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5 लाख 18 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर चोरी के 5 अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करने में सफलता प्राप्त की है।
इस पूरी महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के साथ उपनिरीक्षक भिपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक अखिलेश श्रीवास, दिलीप झारिया और तकनीकी सेल से मुकेश प्रधान सहित पूरी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी चोरियों के राज खुलने की भी संभावना जताई जा रही है।
सत्य प्रहार के लिए डिंडोरी से अभिलाष शुक्ला की रिपोर्ट।

0 टिप्पणियाँ