बिना सूचना गायब कर्मचारी को नोटिस: उद्यान विभाग डिंडौरी की बड़ी कार्रवाई, 15 दिन में मांगा जवाब

 

डिंडौरी। शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए उद्यान विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। जिला मुख्यालय स्थित सहायक संचालक उद्यान विभाग कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी श्री राकेश कुमार धुर्वे को अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर 'कारण बताओ सूचना पत्र' जारी किया गया है।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री धुर्वे पिछले एक साल से अधिक समय से यानी 04 अप्रैल 2025 से लगातार अपने कर्तव्य स्थल से लापता हैं। विभाग का कहना है कि उन्हें पहले भी कई बार आधिकारिक पत्रों के माध्यम से काम पर लौटने के लिए सूचित किया गया था, लेकिन कर्मचारी ने न तो उपस्थिति दर्ज कराई और न ही अपनी लंबी अनुपस्थिति को लेकर कोई ठोस कारण बताया।

​कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि बिना किसी पूर्व अनुमति के इस तरह लंबे समय तक कार्यालय से बाहर रहना म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है। इसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखते हुए विभाग ने अब अंतिम चेतावनी दी है।

​श्री धुर्वे को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी 15 दिनों के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय सीमा में उनका जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो विभाग उनके विरुद्ध एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित कर्मचारी की होगी। प्रशासन की इस सख्ती से अन्य लापरवाह कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services