डिंडोरी, 14 अप्रैल 2026। जिले की कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के कड़े निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। आम जनता के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रशासन ने मंगलवार को नगरीय क्षेत्रों में संचालित दवा दुकानों पर जोरदार दबिश दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज पांडे के कुशल मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम ने नगर के प्रमुख मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया, जिससे पूरे क्षेत्र के दवा व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
इस विशेष अभियान के दौरान मंगलम मेडिकल स्टोर्स, शिवम मेडिकोज, सुधीर मेडिकल स्टोर्स, भावना मेडिकल स्टोर्स और श्री कृष्णा मेडिकल स्टोर्स पर सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्रशासन को कई गंभीर खामियां देखने को मिलीं। जांच टीम ने पाया कि कई दुकानों में बिल बुक का संधारण व्यवस्थित तरीके से नहीं किया जा रहा था। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह रही कि कुछ दुकानों में एक्सपायरी दवाएं भी सामान्य दवाओं के स्टॉक के साथ रखी पाई गईं, जो मरीजों के जीवन के साथ एक सीधा खिलवाड़ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। अनियमितताएं पाए जाने वाले सभी मेडिकल स्टोर्स संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्हें 'कारण बताओ नोटिस' जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे के अनुसार, नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, और आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सत्य प्रहार न्यूज की टीम आम जनता से भी अपील करती है कि दवा खरीदते समय बिल अवश्य लें और एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें।

0 टिप्पणियाँ