समय-सीमा बैठक और अधिकारियों को निर्देश
डिंडौरी जिले में प्रशासनिक सक्रियता और विकास कार्यों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई. कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने समय-सीमा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए और जनहित के प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की कोताही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन और डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक सहित तमाम प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
सीएम हेल्पलाइन और जन विश्वास अभियान की समीक्षा
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज पुरानी शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासनिक प्राथमिकता होनी चाहिए और मैदानी स्तर पर अमले को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए. इसके साथ ही आगामी 31 अगस्त 2026 को विकासखंड समनापुर के ग्राम गौराकन्हारी में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविर के आयोजन से पूर्व सभी विभाग अपने लंबित मामलों को निबटा लें और शिविर स्थल पर आमजन की सुविधा, विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा आवेदनों के त्वरित समाधान की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
राजस्व कार्यों और ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश
प्रशासनिक कसावट लाते हुए राजस्व कार्यों में तेजी लाने के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. बैठक में जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कृषकों की ई-केवाईसी और फार्मर आईडी तैयार करने का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए ताकि किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलने में कोई बाधा न आए. प्रशासन की इस मुहिम से ग्रामीण अंचल के किसानों और जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में वृक्षारोपण और सुरक्षा फेंसिंग
डिंडौरी जिले में जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान को हरा-भरा और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल की शुरुआत की गई है. रविवार को नगर परिषद डिंडौरी के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष वृक्षारोपण अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, एसडीएम श्री राम बाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक और सीएमओ श्री वेद प्रकाश पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने पौधारोपण किया. मैदान के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे रोपे गए हैं. कलेक्टर ने इन पौधों की सुरक्षा के लिए मजबूत ट्री गार्ड लगाने और मवेशियों के प्रवेश को रोकने हेतु स्कूल का गेट बंद रखने के निर्देश दिए हैं. खेल मैदान को खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाने के संबंध में एसडीएम श्री राम बाबू देवांगन ने जानकारी दी कि इसके स्थायी संरक्षण के लिए जल्द ही पूरे मैदान को 6 फीट ऊंची मजबूत फेंसिंग से कवर किया जाएगा जिससे अनाधिकृत प्रवेश और कचरा फेंकने जैसी गतिविधियों पर रोक लगेगी.
संबल 2.0 योजना के तहत हितग्राहियों को करोड़ों की सहायता
शासन स्तर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ भी जिले के नागरिकों तक पहुंच रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री निवास ‘समत्व’ से मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत सिंगल क्लिक के माध्यम से अनुग्रह सहायता राशि वितरित की गई. इस योजना के तहत डिंडौरी जिले के 351 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 7 करोड़ 46 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई. इस राशि के मिलने से संकट में फंसे श्रमिक परिवारों को बड़ी आर्थिक संबलता मिली है. जिला एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे. योजना के तहत जनपद पंचायत बजाग के 55 हितग्राहियों को 1 करोड़ 20 लाख रुपये, डिंडोरी के 66 हितग्राहियों को 1 करोड़ 40 लाख रुपये, करंजिया के 35 हितग्राहियों को 78 लाख रुपये, समनापुर के 44 हितग्राहियों को 90 लाख रुपये और अमरपुर के 13 हितग्राहियों को 26 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं. इसी तरह मेहंदवानी के 17 हितग्राहियों को 36 लाख रुपये, शहपुरा के 112 हितग्राहियों को 2 करोड़ 36 लाख रुपये, डिंडौरी नगर परिषद के 7 हितग्राहियों को 16 लाख रुपये और शहपुरा नगर परिषद के 2 हितग्राहियों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि मिली है. डिंडौरी प्रशासन की इन तमाम बैठकों, अभियानों और जनकल्याणकारी वितरण कार्यक्रमों से जिले में प्रशासनिक गतिविधियां पूरी गति और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही हैं
0 टिप्पणियाँ