गुरुजी की लेटलतीफ़ी और बारिश का बहाना! डिंडोरी के पड़रिया कला स्कूल में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़?

 


डिंडोरी। सरकारें बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पानी की तरह पैसा बहा रही हैं, लेकिन जब जिम्मेदार संस्था प्रमुख ही अपनी ड्यूटी से पल्ला झाड़ लें, तो देश के इन नौनिहालों का भविष्य कैसे उज्ज्वल होगा। आज मंगलवार की सुबह डिंडोरी विकासखंड के पड़रिया कला माध्यमिक शाला में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए अभी कुछ दिन ही बीते हैं और मुख्य शिक्षक की घोर लापरवाही के कारण समय पर स्कूल का ताला तक नहीं खुल सका। सुबह ठीक 10 बजे जब हम स्कूल पहुंचे, तो बच्चे कक्षाओं में बैठने के बजाय स्कूल के सामने बाहर मैदान में खेलते हुए मिले, जिन्होंने मासूमियत से बताया कि गुरुजी अभी तक आए ही नहीं हैं, इसलिए वे बाहर खेल रहे हैं।


स्कूल में अव्यवस्था का आलम यह था कि सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर शिक्षक ए. एल. कुदवे सर वहां पहुंचते हैं और वो भी खुद ताला खुलने का इंतजार करने लगते हैं, क्योंकि एक छात्र को चाबी लेने के लिए भेजा गया था। थोड़ी देर बाद जब स्कूल खुलता है और शिक्षक अंदर जाते हैं, तो देरी से आने का कारण पूछने पर वे कैमरे के सामने तो चुप रहे, लेकिन ऑफ द कैमरा (कैमरे के पीछे) बड़ी आसानी से सफेद झूठ बोल गए कि वे समय पर आए हैं। जब राष्ट्र निर्माता ही इस तरह सच छिपाने और झूठ बोलने लगें, तो बच्चों पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह सोचने वाली बात है। लापरवाही का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, बल्कि ठीक 11 बजे स्कूल के मुख्य माध्यमिक शिक्षा प्रभारी एस. आर. गवले सर एक अन्य शिक्षिका श्रीमती अनीता गवले के साथ आराम से स्कूल पधारते हैं। जब मास्साब को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए समय पर आने की बात कही गई, तो उन्होंने बारिश का बहाना बना दिया और आगे कुछ बोल नहीं पाए।

आपको बता दें कि प्राथमिक विभाग में 29 और माध्यमिक में 48 को मिलाकर कुल 77 बच्चों के भविष्य का दारोमदार इस स्कूल पर है, लेकिन जब स्वयं संस्था प्रमुख ही 11 बजे स्कूल पहुंचेंगे, तो बाकी स्टाफ पर इसका क्या असर होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। इस गंभीर लापरवाही के मामले पर जब हमारी बात जिले के डीपीसी महोदय दिवाकर तिवारी जी से हुई, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए आश्वस्त किया कि वे इसकी पूरी जांच कराएंगे और समय पर स्कूल न खोलने वाले संबंधित लापरवाह शिक्षकों को नोटिस जारी करेंगे। अब देखना यह होगा कि विभागीय कार्रवाई के बाद यह व्यवस्था कितनी सुधरती है।

सत्य प्रहार न्यूज के लिए अभिलाष शुक्ला की रिपोर्ट।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services