डिंडोरी: जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर कृष्णा पेट्रोल पंप के समीप एक अत्यंत दुखद और भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार को एक नाबालिग चला रहा था ? तेज रफ्तार होने के कारण दो कारों में आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर यह कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
सम्भ्रांत परिवारों से है ताल्लुक
शुरुआती सूत्रों के मुताबिक, कार में सवार दोनों युवक सम्भ्रांत और प्रतिष्ठित परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जबलपुर रेफर करते समय रास्ते में हुई मौत
हादसे के बाद कार में फंसे युवकों को स्थानीय नागरिकों और प्रशासन की मदद से बाहर निकाला गया। दोनों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को तुरंत जबलपुर रेफर किया गया, किंतु दुर्भाग्यवश जबलपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार दूसरा युवक घायल है, जिसका चिकित्सकीय दल की देखरेख में उपचार किया जा रहा है।
प्रशासनिक और वैधानिक कार्रवाई
कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाया। वाहन चलाने और दुर्घटना के अन्य तकनीकी कारणों को लेकर पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक जांच शुरू कर दी है।
सत्य प्रहार न्यूज़ की अपील: अपने नाबालिग बच्चों को दुपहिया या चार पहिया वाहन सौंपने से बचें। आपका एक सजग कदम उनके और दूसरों के जीवन को सुरक्षित रख सकता है। कृपया यातायात नियमों का पालन करें।
विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए Satya Prahar News के साथ।
0 टिप्पणियाँ