डिंडोरी (सत्य प्रहार न्यूज़)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन शिकायतों के त्वरित निराकरण में डिंडोरी जिले ने मध्य प्रदेश के मानचित्र पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कलेक्टर कार्यालय डिंडोरी से प्राप्त ताजा आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2026 की जिलावार सांख्यिकी में जिले ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। राजस्व विभाग की टीम ने अपने कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में तीसरा (3rd) स्थान प्राप्त किया है, जो प्रशासनिक सक्रियता का जीता-जागता प्रमाण है। जिले को कुल शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के आधार पर 88.27 प्रतिशत का शानदार स्कोर मिला है।
सिर्फ राजस्व ही नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी 55 जिलों की ओवरऑल ग्रेडिंग में भी डिंडोरी ने अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाते हुए 5वीं रैंक पर कब्जा जमाया है। सांख्यिकी रिपोर्ट के अनुसार फरवरी माह में जिले को कुल 492 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से शिकायतों को समय सीमा में बंद करने और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के मामले में टीम ने शानदार अंक अर्जित किए हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिले के सभी राजस्व अधिकारियों (RO) और उनकी टीम को उनके अथक प्रयासों के लिए सराहा जा रहा है।
सत्य प्रहार न्यूज़ भी जिले की इस बड़ी कामयाबी पर पूरी टीम को बधाई देता है और उम्मीद करता है कि आने वाले समय में डिंडोरी प्रदेश में प्रथम स्थान पर अपनी जगह सुनिश्चित करेगा।
0 टिप्पणियाँ