डिंडोरी। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार, 30 मार्च को वार्षिक परीक्षा परिणाम हर्षोल्लास के साथ घोषित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों सहित आचार्य परिवार और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
परीक्षा परिणाम की घोषणा के दौरान विद्यालय समिति के व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं होता; कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर ही श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम कक्षा अरुण से लेकर एकादश तक शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि किसी को अपेक्षित सफलता न भी मिली हो, तो वे निराश न हों बल्कि पूर्ण मनोयोग से पुनः प्रयास करें। उन्होंने सभी भैया-बहिनों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
संस्था प्रमुख देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी ने आगामी सत्र की जानकारी देते हुए बताया कि नवीन शैक्षणिक सत्र माह अप्रैल से प्रारंभ होने जा रहा है, जिसका समय प्रातः 10:30 से शाम 04:00 बजे तक रहेगा। महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष से कक्षा अरुण से पंचम तक NCERT की पुस्तकें लागू की जा रही हैं। उन्होंने सभी पालकों से भैया-बहिनों को नवीन गणवेश के साथ नियमित विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सत्र के दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को समिति सदस्यों द्वारा अंकसूची के साथ विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सह व्यवस्थापक श्रीमती नरबदिया मरकाम, कोषाध्यक्ष श्रीमती सपना जैन, समिति सदस्य राजेन्द्र परमार एवं समस्त आचार्य व दीदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च विभाग के परीक्षा प्रभारियों के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में प्रधानाचार्य श्रीमती संतोषी सोनी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया और कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
0 टिप्पणियाँ