अन्नदाता जमीन पर और हम कुर्सी पर..., जन विश्वास अभियान के मंच पर विधायक ने जताई गहरी नाराजगी-कलेक्टर बोली सब मिलकर करेंगे प्रयास

डिंडोरी: शुक्रवार को जिला प्रशासन ने डिंडोरी जनपद पंचायत क्षेत्र के शाहपुर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जन विश्वास अभियान और पंच सरपंच सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच पर विधायक के साथ जनप्रतिनिधि बैठे। विधायक सरपंच, और पचों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करने के लिए एडिशनल सी ई ओ से कहते रहे। जब कुर्सियां नहीं आई, तो विधायक सहित जनप्रतिनिधि जमीन पर जाकर बैठ गए। अधिकारी भी जमीन पर बैठे। मंच की कुर्सियां खाली रही।



अन्नदाता जमीन पर, हम कुर्सी पर ये ठीक नहीं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मेरे क्षेत्र के अन्नदाता जमीन पर बैठे, और मैं कुर्सी पर। ऐसा ठीक नहीं। इसलिए आप लोगों के साथ जमीन पर आ गया। आप लोगों ने तो ही वोट देकर मुझे विधायक बनाया है। केंद्र की सरकार और प्रदेश की सरकार अच्छा काम कर रही है। और मोहन सरकार ये जानने का प्रयास कर रही है कि जनता का विश्वास कितना है। हाथ उठाओ। अरे आधे लोगो को ही विश्वास है। इसका मतलब हममे कुछ कमी रह गई है। आने वाले समय में ग्राम पंचायतों के चुनाव है। फिर दो साल बाद विधानसभा के पब्लिक मुझे भी निपटा देगी।

कलेक्टर साहब क्षेत्र में शिकायतों का अंबार, उनका निपटारा करवाओ

विधायक ने मेहदवानी जनपद क्षेत्र के कलगी टोला ग्राम पंचायत सरपंच सरोजवती सैयाम को खड़ा किया। सरपंच ने बताया कि गांव में पेंशन प्रकरण स्वीकृत करके 2024 में तहसील कार्यालय में भेजा था। लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। कलेक्टर ने सरपंच से नियम कानून पूछा। इतने में विधायक बोले मैडम वो क्या जाने नियम कानून। तहसीलदार या तो स्वीकृत करे। या फ़िर अस्वीकृत करे। क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा है। आप का तो ठीक है ट्रांसफर होकर चले जाओगे।

ग्राम संगठन ने समूह के नाम पर ले लिया लाेन

सारस ताल गांव से आई महिला अहिल्या बाई यादव सचिव मातारानी स्व सहायता समूह ने बताया कि मछली पालन के लिए लोन लेने हम ग्रामीण बैंक शाहपुर गए। बैंक मैनेजर ने बताया कि पहले का कर्ज चुकाओ। दस्तावेज देखने पर पता चला कि ग्राम संगठन के नोडल अधिकारी दिनेश तिवारी और सचिव संजू लता ने साढ़े चार लाख का लोन ले लिया। उसमें हमारे दस्तखत तक नहीं है।

एक साल से किसान सम्मान निधि बंद

जमगांव से आए किसान गणेश गुप्ता ने बताया कि गांव में लगभग ढाई एकड़ जमीन है। एक साल पहले तक सम्मान निधि की राशि मिलती थी। लेकिन पिछले साल से बंद हो गई। अधिकारियों के चक्कर लगा लगाकर परेशान हूँ।

विधायक बोले ग्राम पंचायत को समय पर टी एस मिले, समय पर मजदूरी भुगतान

विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव निर्माण कार्य के टी एस के लिए महीनों भटकते रहते है। इसलिए रजिस्टर मेंटेंड करें। एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारी टी एस जारी करें और इंजीनियर समय पर उसका मूल्यांकन कर दे। ताकि समय पर मजदूरी भुगतान हो सके। इंजीनियर महीनों मूल्यांकन नहीं कर रहे है। अभी पंचायतों के पास पंद्रहवें और पांचवें वित्त की राशि पड़ी हुई है। उसका उपयोग ही नहीं कर पा रहे है।

कलेक्टर बोली सब मिलकर करेंगे प्रयास

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जन विश्वास अभियान के कैम्प हर जनपद क्षेत्र में लगाए जा रहे है। शासकीय योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुँचे। हम सबकी जिम्मेदारी है। जो लापरवाही करते है उन पर कार्यवाही हो रही है और की भी जाएगी। हम सबका प्रयास है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र सभी हितग्राहियों को मिले। कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक पहुंचकर करना है, इसलिए अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी का आयोजन

14 अगस्त को भारत सरकार द्वारा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में भारत विभाजन की विभीषिका एवं उससे जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया सहित अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष, पीड़ा और कठिन परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। 


शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने के लिए कुल 415 आवेदकों का पंजीयन किया गया

 इनमें 140 पुरुष, 80 महिलाएं, 0 से 5 वर्ष आयु के 32 बच्चे, 5 से 18 वर्ष के 39 बच्चे तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 139 आवेदक शामिल रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के अंतर्गत 254 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं 254 लोगों की ब्लड शुगर जांच, 205 की एनीमिया जांच तथा 52 लोगों की सिकल सेल जांच की गई।

इसी प्रकार 3 गर्भवती महिलाओं की प्रथम एएनसी तथा 2 की द्वितीय एएनसी जांच, 73 लोगों की खखार जांच, 107 की एक्स-रे जांच तथा 76 लोगों की आंखों से संबंधित जांच की गई। जांच के उपरांत 25 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। शिविर में 57 अन्य विभिन्न जांचें, 5 फूड बास्केट वितरण तथा 7 यूनिट रक्त संग्रह भी किया गया।


स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आयुष्मान कार्ड से संबंधित 23 आवेदनों का निराकरण किया गया। दिव्यांगता से संबंधित 7 आवेदनों का निराकरण कर यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। जन्मजात विकृति के 6 प्रकरण चिन्हित किए गए तथा 6 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केन्द्र के लिए रेफर किया गया। इसके अलावा पीएम-डीएजेएजीयूए एवं बीओसीक्यू के 3-3 तथा अन्य 12 प्रकरणों का निराकरण किया गया। शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीणों के निकट पहुंचाकर उन्हें आवश्यक जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, सीएमएचओ डॉ मनोज पांडे, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

📣 प्रामाणिक खबरें सबसे पहले पाएं!

Satyaprahar.space को Bookmark करें! 🔗

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Crafted by Abhilash Shukla and distributed by Virat Multi Services