कल रात से जिले के करंजिया, बजाग और समनापुर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के चलते मां नर्मदा नदी और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। इसके चलते आज डिंडोरी जिला मुख्यालय में नर्मदा का विकराल रूप देखने को मिला, जब अनूपपुर और शहडोल को जोड़ने वाला डैम घाट पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे आवागमन ठप पड़ गया। वहीं जबलपुर मार्ग पर स्थित जोगी टिकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। हालांकि राहत की खबर यह है कि शहर स्थित मुख्य पुल से अब धीरे-धीरे पानी उतरने लगा है।
इस दौरान ग्राउंड ज़ीरो पर नगर टीआई दुर्गा प्रसाद नगपुरे, ट्रैफिक इंचार्ज सुभाष उईके और अभिनव राय अपनी टीम के साथ मुस्तैदी से डटे रहे और नागरिकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत देते नज़र आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने रविवार को मां नर्मदा पुल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान डिंडोरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से जलस्तर की जानकारी लेते हुए 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि मां नर्मदा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नागरिक नदी, पुल एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने का जोखिम न उठाएं। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में किसी भी हाल में उसे पार करने का प्रयास न करें। एसपी आशीष खरे ने बच्चों और बुजुर्गों को नदी-नालों से दूर रखने तथा अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। जिला प्रशासन और पुलिस स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है, अतः नागरिक किसी भी प्रकार की अफ़वाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
सत्य प्रहार के लिए डिंडोरी से अभिलाष शुक्ला की रिपोर्ट।
0 टिप्पणियाँ